IND vs WI फर्स्ट टेस्ट: पहली पारी में वेस्ट इंडीज 162, जवाब में टीम इंडिया 121/2; सिराज को 4 और बुमराह को 3 विकेट
Published:
2 min read

भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली 9 टेस्ट सीरीज जीता है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट अहमदाबाद में खेला जा रहा है। वेस्ट इंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। मेहमान टीम पहली इनिंग में 162 रन पर सिमट गई। सिराज ने 4 और बुमराह ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट पर 121 रन बना लिए। लोकेश राहुल 53 और कप्तान शुभमन गिल 18 पर नॉटआउट हैं। साई सुदर्शन 6 और यशस्वी जायसवाल 36 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 101वां टेस्ट है। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी।
इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार 9 सीरीज जीतीं
23 साल से टीम इंडिया के खिलाफ वेस्टइंडीज कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। कैरेबियन टीम को आखिरी बार अप्रैल 2002 में जीत मिली थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने उसके खिलाफ लगातार 9 टेस्ट सीरीज जीत ली हैं।
दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज जुलाई 2023 में हुई थी। वेस्टइंडीज दौरे पर जाकर भारतीय टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज 1-0 से जीती थी। इससे पहले 2019 में भी वेस्टइंडीज जाकर 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज टेस्ट मैचों का हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 100
भारत जीता: 23
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
रॉस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, शाई होप, जॉन कैम्पबेल, एलिक एथेनेज, जस्टिन ग्रीव्स, जेडन सील्स, योहान लेन, खैरी पीयर और जोमेल वारिकन।

