श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं सुंदर: बुमराह की फिटनेस पर भी सस्पेंस; सारांश जैन के टेस्ट डेब्यू की बढ़ी उम्मीद
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट की सीरीज से पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर भी आखिरी फैसला अभी बाकी है। ऐसे में युवा ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिल सकता है।
सारांश जैन की खुल सकती है किस्मत
अगर सुंदर टीम में नहीं चुने जाते हैं तो सारांश जैन को मौका मिल सकता है। दावेदारों में वे सबसे आगे माने जा रहे हैं। हाल ही में इंडिया-ए के श्रीलंका दौरे पर सारांश ने दो मैचों में 6 विकेट लिए और नाबाद 70 रन भी बनाए थे। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की उनकी काबिलियत उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है।

बुमराह की फिटनेस पर भी नजर
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी अभी पूरी तरह फिट नहीं माने जा रहे हैं। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में चोट लगी थी। अब उनका फिटनेस टेस्ट होगा। अगर वह फिट नहीं होते हैं तो श्रीलंका दौरे पर मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हो सकती है
हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी हैमस्ट्रिंग इंजरी से ठीक हो रहे हैं, इसलिए उन्हें इस टेस्ट सीरीज के लिए नहीं चुना जाएगा। वहीं आकाश दीप भी स्ट्रेस फ्रैक्चर से पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं और अभी रिहैब में हैं। इसके अलावा साई सुदर्शन की फिटनेस पर अभी भी सवाल बने हुए हैं। वहीं, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी तय मानी जा रही है।

हार्दिक पंड्या के लिए अच्छी खबर
दूसरी ओर टीम इंडिया के लिए एक राहत की बात भी है। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं। वह जुलाई के आखिर तक फिटनेस टेस्ट पास कर अगस्त से व्हाइट-बॉल (वनडे और टी20) टीम में वापसी कर सकते हैं। अगर बांग्लादेश दौरा तय होता है तो हार्दिक के टीम में शामिल होने की पूरी संभावना है।

अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा। यह सीरीज WTC 2025-27 का हिस्सा है और दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
WTC पॉइंट्स टेबल में भारत और श्रीलंका कहां
फिलहाल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पॉइंट्स टेबल में भारत पांचवें और श्रीलंका छठवें नंबर पर हैं। भारतीय टीम ने अब तक 9 टेस्ट खेले हैं। इसमें से 4 जीते, 4 हारे और 1 ड्रॉ रहा।
श्रीलंका ने 3 टेस्ट में 1 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ हासिल की। श्रीलंका का जीत प्रतिशत (PCT) 44.44 है। श्रीलंका हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में पारी से हार गया था, जिससे उसे पॉइंट टेबल में नुकसान हुआ। अब भारत के खिलाफ अच्छी शुरुआत करके वह अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा।

