टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा: WTC के तहत 2 टेस्ट खेले जाएंगे; पहला 15 और दूसरा 23 अगस्त से
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया अगस्त में श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। टीम इंडिया 15 अगस्त से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 मिशन की शुरुआत करेगी।
अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा। यह सीरीज WTC 2025-27 का हिस्सा है और दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।

WTC पॉइंट्स टेबल में भारत और श्रीलंका कहां
फिलहाल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पॉइंट्स टेबल में भारत पांचवें और श्रीलंका छठवें स्थान पर हैं। भारत ने अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं। 4 जीते, 4 हारे और 1 ड्रॉ रहा।
श्रीलंका ने 3 टेस्ट में 1 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ हासिल की। श्रीलंका का जीत प्रतिशत (PCT) 44.44 है। श्रीलंका हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में पारी से हार गया था, जिससे उसे पॉइंट टेबल में नुकसान हुआ। अब भारत के खिलाफ अच्छी शुरुआत करके वह अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा।

टीम इंडिया ने होम सीरीज गंवाई
भारत ने इस WTC में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-0 से टेस्ट सीरीज में मिली हार ने टीम की राह मुश्किल कर दी। अब टीम इंडिया श्रीलंका दौरे से वापसी की कोशिश करेगी।
18 साल से भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई श्रीलंका
श्रीलंका ने आखिरी बार अपने घर में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2008 में जीती थी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच हुई हर टेस्ट सीरीज में भारत का दबदबा रहा।
- 2010 : सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही।
- 2015 : भारत ने 2-1 से जीता।
- 2017 : भारत 3-0 जीता।

