बॉलर ने गिराया और यशस्वी रनआउट: केएल राहुल भी कन्फ्यूज, श्रीलंकाई कप्तान ने अपील वापस नहीं ली; देखें VIDEO
Published:
3 min read

गाले टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 32 रन बनाए। इस दौरान 5 चौके लगाए। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच खेल रही है। पहले दिन ओपनर यशस्वी जायसवाल अनलकी रहे और बॉलर की वजह से गिरकर रनआउट हो गए। इस दौरान यशस्वी और केएल राहुल के बीच भी कन्फ्यूजन देखने को मिली, जिससे चलते यह विकेट हुआ। अंपायर के पूछने पर श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डि सिल्वा ने अपील भी वापस नहीं ली।
दरअसल, गाले में इंडिया अपना 600वां टेस्ट खेल रही है। भारतीय कप्तान गिल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने ओपनिंग करते हुए अच्छी शुरुआत दी।
पारी के 11वें ओवर की आखिरी बॉल पर सारा कन्फ्यूजन हुआ और यशस्वी को रनआउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। यह ओवर ऑफ स्पिनर केशरा नुवांथा (Keshara Nuwantha) ने किया।
इस तरह आउट हुए यशस्वी
- दरअसल, हुआ यह था कि ओवर की आखिरी बॉल पर स्ट्राइक पर मौजूद राहुल ने लॉन्ग ऑन की ओर हल्के हाथ से शॉट खेला और एक रन के लिए दौड़ पड़े। दूसरी ओर बॉलर केशरा ने बॉल पकड़ने के लिए डाइव लगाई और वे यशस्वी से टकरा गए। बॉल तो निकल गई, लेकिन यशस्वी गिर पड़े।
- यशस्वी जब गिरे तब तक राहुल आधी क्रीज तक आ गए थे। वे वहीं थोड़ा रुके, लेकिन तुरंत यशस्वी उठे और रन के लिए हां करते हुए दौड़ पड़े। बस यहीं दोनों के बीच कन्फ्यूजन हुआ। राहुल भी हां सुनकर रन पूरा करने के लिए दौड़े, लेकिन तभी यशस्वी वापस मुड़कर अपनी क्रीज की ओर आ गए।
- इतने में फील्डर ने बॉल सीधे विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को दी। डिकवेला ने बेल्स गिराने से पहले कप्तान धनंजय की ओर देखा और इजाजत मांगी। धनंजय ने हां किया और डिकवेला ने तुरंत बॉल स्टम्प्स में मारकर बेल्स गिरा दीं।
- दूसरी ओर राहुल पहले क्रीज में आ गए थे। इसके कारण यशस्वी को रनआउट करार दिया गया। चूंकि श्रीलंकाई बॉलर की वजह से यशस्वी गिरे थे। इस कारण अंपायर ने श्रीलंकाई कप्तान से भी कन्फर्म किया कि उन्होंने आउट की अपील वापस तो नहीं ली है। इसके बाद ही यशस्वी को आउट दिया गया।
टेस्ट में तीसरी बार रनआउट
यशस्वी जायसवाल अपने टेस्ट कॅरियर में अब तक 3 बार रनआउट हुए हैं। 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट में 82 के स्कोर पर रनआउट हुए थे।
इसके बाद पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में 175 के स्कोर पर रनआउट हुए। मौजूदा गाले टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी ने 32 रन बनाए। इस दौरान 5 चौके लगाए।

