इंडिया VS साउथ अफ्रीका: पहले टेस्ट में महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला के तस्वीर वाले कॉइन से टॉस होगा
Published:
3 min read

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क.भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शुरू होने जा रहा है। इस मैच की शुरुआत बहुत खास तरीके से होगी। टॉस में जो सिक्का उछाला जाएगा, वह कोई साधारण कॉइन नहीं होगा, बल्कि एक खास सोने का सिक्का होगा। इसमें एक तरफ महात्मा गांधी और दूसरी तरफ नेल्सन मंडेला की तस्वीर होगी।
दोनों देशों की दोस्ती की बात
यह सिक्का दोनों देशों की दोस्ती और उनके नेताओं को समर्पित है। गांधी और मंडेला दोनों ने ही दुनिया को अहिंसा, आजादी और समानता का संदेश दिया था। इसी वजह से इस सीरीज का नाम रखा गया है फ्रीडम ट्रॉफी (Freedom trophy)
गांधी और मंडेला के सम्मान में सीरीज
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली यह ट्रॉफी दोनों देशों के महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला के सम्मान में शुरू की गई थी। यह ट्रॉफी इस बात की याद दिलाती है कि कैसे इन दोनों ने बिना हिंसा के अपने-अपने देशों में आजादी और इंसाफ के लिए मेहनत की।

इस सीरिज के लिए खास कॅाइन
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बताया कि यह सिक्का खास तौर पर इसी सीरीज के लिए बनाया गया है। इसे सिर्फ टॉस के वक्त इस्तेमाल किया जाएगा। छह साल बाद ईडन गार्डन्स में टेस्ट क्रिकेट होने वाला है। इसलिए कोलकाता में इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है। पहले तीन दिन के टिकट लगभग बिक चुके हैं। करीब 96,000 टिकट पहले ही बिक चुके हैं। कुल मिलाकर 1.4 करोड़ रुपए से ज्यादा की टिकट बिक्री हुई है।

सख्त सुरक्षा इंतजाम
मैच के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हाल ही में दिल्ली में धमाके की घटना हुई थी। इसलिए प्लेयर और फैन दोनों की सेफ्टी को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।इंडिया और अफ्रीका के टेस्ट मैच से पहले 13 नवंबर को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल जगमोहन डालमिया मेमोरियल लेक्चर का इंतजाम करेगा। इस कार्यक्रम में सुनील गावस्कर स्पीच देंगे। दोनों टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।
गंभीर ने पिच का मुआयना किया
भारत की टीम ऑस्ट्रेलिया में अपना वाइट-बॉल दौरा खत्म करके रविवार शाम को कोलकाता पहुंची। कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, और मुख्य कोच गौतम गंभीर टीम के साथ पहुंचे। सोमवार सुबह गंभीर ने बैटिंग कोच सितांशु कोटक के साथ पिच को चेक किया।

दादा से पूछा सवाल
इसके बाद सौरव गांगुली ने भी विकेट देखा और ग्राउंड स्टाफ को पिच ढकने के ऑर्डर दिए ताकि ओस या बारिश का असर न पड़े।जब उनसे सवाल पूछा गया कि क्या भारत ने स्पिन के लिए मददगार पिच मांगी है, तो गांगुली ने कहा-अभी तक टीम ने ऐसा कुछ नहीं कहा है। यह विकेट बहुत अच्छी लग रही है।अफ्रीका की टीम इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन है। उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया को हराकर यह खिताब जीता था। पाकिस्तान दौरे में उन्होंने 1-1 की बराबरी हासिल की थी।

