'सैमसन को काफी मौके दिए': संजू की जगह गिल से क्यों कराई जा रही ओपनिंग, सूर्यकुमार यादव ने दिया जवाब
Published:
2 min read

साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I सीरीज से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संजू सैमसन की टीम में भूमिका को लेकर बात की। (@BCCI)
स्पोट्स डेस्क. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज आज (9 दिसंबर) से शुरू होने वाली है। इससे पहले सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने ओपनिंग में संजू सैमसन की जगह शुभमन गिल को भेजने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा, ये फैसला रणनीति के तहत लिया गया और संजू टीम प्लान का अहम हिस्सा हैं। दरअसल, एशिया कप में गिल को ओपनिंग कराने और संजू को मिडिल ऑर्डर में भेजने पर सवाल उठे थे।
गिल को क्यों मिली ओपनिंग
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि T20I टीम में वापसी के बाद शुभमन गिल टॉप ऑर्डर में मौका पाने के हकदार थे। उन्होंने आगे कहा कि भले ही सैमसन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली सीरीज में प्लेइंग XI में नहीं थे, लेकिन वह अभी भी टीम के प्लान का हिस्सा हैं।
सैमसन को लेकर टीम का प्लान
सूर्या बोले - श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में गिल ने ओपनिंग की थी। उसके बाद सैमसन को ऊपर बैटिंग करने का मौका मिला। हमने संजू को काफी मौके दिए हैं। वह किसी भी नंबर पर बैटिंग करने के लिए तैयार है। यह देखकर अच्छा लगता है। वह फ्लेक्सिबल हैं। अगले दो सीरीज में प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव नहीं होंगे। टीम ज्यादा एक्सपेरिमेंट नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें : IND Vs SA पहला T20 आज: मैच कहां और कब, पिच-वेदर रिपोर्ट समेत कम्पलीट प्रिव्यू आपके लिए
ओपनिंग में सैमसन की परफॉर्मेंस
संजू सैमसन ने 2023 में T20I में वापसी की। अक्टूबर 2024 से उन्हें लगातार बैटिंग में ओपनिंग करने का मौका दिया गया। उन्होंने पांच पारियों में तीन शतक बनाए। उस समय ऐसा कहा जा रहा था कि अभिषेक शर्मा के साथ उनकी ओपनिंग पार्टनरशिप पक्की हो गई है, लेकिन 2025 में शुभमन गिल की वापसी के बाद सैमसन को मिडिल ऑर्डर में भेज दिया गया।
मिडिल ऑर्डर में सैमसन पांच पारियों में सिर्फ एक हाफ-सेंचुरी बना पाए। इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह जितेश शर्मा को मौका दिया गया ।

