टीम इंडिया का अगला मिशन अफ्रीका सीरीज: 14 नवंबर को पहला टेस्ट; 35 दिन बाद कोहली-रोहित की मैदान पर वापसी संभव
Published:
3 min read

टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल के साथ केएल राहुल ओपनिंग में मोर्चा संभालते हैं। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में टी20 सीरीज में 2-1 से हराने के बाद भारतीय टीम अब अपने अगले मिशन की तैयारी में जुट गई है। टीम को अगली सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने घर में ही खेलनी है। दोनों टीमों के बीच 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज खेली जाएगी। विराट कोहली और रोहित शर्मा 35 दिन बाद टीम में खेलते दिखेंगे।
सबसे पहले टेस्ट सीरीज होगी। पहला मैच 14 नवंबर से दिल्ली में खेला जाएगा। वनडे सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर को रांची में होगा। जबकि टी20 सीरीज का आगाज 9 दिसंबर को कटक में होगा।
टीम में ऋषभ पंत की वापसी
टेस्ट की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही कर दिया गया है। इसमें विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत की वापसी हुई है। पंत इंग्लैंड दौरे पर इंजर्ड हुए थे। वहां उनकी जगह ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभाली थी।
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिहाज से साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज अहम है। अफ्रीकी टीम इस वक्त टेस्ट में वर्ल्ड चैम्पियन है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में हराया था।
सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पड्डिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप।
35 दिन बाद टीम में वापसी करेंगे रोहित-कोहली
रोहित और कोहली ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले लिया है। यह दोनों सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। ऐसे में रोहित-कोहली दोनों सीरीज से बाहर रहेंगे। भारतीय टीम को टेस्ट के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है।
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। रोहित-कोहली दोनों इस मैच में खेलते दिख सकते हैं। उन्होंने आखिरी वनडे 35 दिन पहले सिडनी में 25 अक्टूबर को खेला था। हालांकि अभी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान नहीं किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में कोहली-रोहित का प्रदर्शन
कोहली-रोहित ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज खेली थी। शुरुआती दो वनडे में कोहली खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन तीसरे मैच में 74 रन की पारी खेली। रोहित ने पहले वनडे में 8 रन बनाए थे। उसके बाद दूसरे मैच में 73 और तीसरे वनडे में 121 रन की नाबाद पारी खेली। रोहित को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
साउथ अफ्रीका सीरीज का शेड्यूल
टेस्ट सीरीज:
पहला मैच: 14 से 18 नवंबर, दिल्ली
दूसरा मैच: 22 से 26 नवंबर, गुवाहाटी
वनडे सीरीज:
पहला मैच: 30 नवंबर, रांची
दूसरा मैच: 03 दिसंबर, रायपुर
तीसरा मैच: 06 दिसंबर, विशाखापत्तनम
टी20 सीरीज:
पहला मैच: 09 दिसंबर, कटक
दूसरा मैच: 11 दिसंबर, चंडीगढ़
तीसरा मैच: 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा मैच: 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां मैच: 19 दिसंबर, अहमदाबाद

