इंडिया Vs अफ्रीका, वुमन्स वर्ल्ड कप फाइनल आज: बारिश से धुल सकता है मैच, जानिए रिजर्व डे रूल्स, पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
Published:
4 min read

वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला आज (2 नवंबर) नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगी। रविवार को मैच होना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि इस दिन बारिश की आशंका काफी ज्यादा बताई जा रही है। यदि आज मैच नहीं हुआ तो फाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है।
यानी अगले दिन (3 नवंबर) मैच कराया जाएगा, लेकिन देखने वाली बात यह है कि सोमवार को भी नवी मुंबई में तेज बारिश की आशंका है। आइए जानते हैं कि यदि रिजर्व डे पर भी मैच का नतीजा नहीं निकला तो क्या होगा और रिजर्व डे के रूल्स के बारे में…
- ICC रूल्स के मुताबिक, अंपायर्स मैच वाले दिन ही रिजल्ट निकालने की पूरी कोशिश करेंगे। इसके लिए ओवर घटाने पड़ें तो वो भी किया जाएगा। यदि इसके बावजूद खेल नहीं हो पाता है, तो मैच रिजर्व डे पर चला जाएगा।
- रिजर्व डे में मैच वहीं से शुरू होगा, जहां से पहले दिन खत्म हुआ था। ओवर्स घटाने की स्थिति में भी यही नियम लागू रहेगा।
- मिशाल के तौर पर, यदि 50-50 ओवर्स का यह मैच बारिश के कारण बीच में रुकता है और फिर शुरू नहीं हो पाता, तो रिजर्व डे में भी 50-50 ओवर्स का मैच होगा और यह वहीं से शुरू होगा, जहां से रुका था।
- यदि बारिश के कारण मैच 45-45 ओवर्स का किया गया। फिर दोबारा बारिश से खेल रुकता है और शुरू नहीं हो पाता तो रिजर्व डे में यह मैच 45-45 ओवर्स का ही खेला जाएगा। साथ ही खेल भी वहीं से शुरू होगा, जहां से रुका था।
- यदि रिजर्व डे में भी फाइनल मुकाबले का नतीजा नहीं निकल पाता और बारिश के कारण दोनों दिन धुल जाते हैं। तब ट्रॉफी दोनों फाइनलिस्ट टीमों के बीच शेयर की जाएगी। यानी दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।
रविवार को नवी मुंबई में बारिश की आशंका
Accuweather के मुताबिक, 2 नवंबर को नवी मुंबई में बारिश की आशंका 63 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि मैच में बारिश खलल डाल सकती है।
दिनभर बादल छाए रहेंगे। हवाओं की गति 39 km/h रहेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यदि इस दिन मैच पूरा नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे में यानी अगले दिन फाइनल खेला जाएगा। आइए जानते हैं इस दिन कैसा मौसम रहेगा।
रिजर्व डे में कैसा रहेगा मौसम का हाल
3 नवंबर को नवी मुंबई में बारिश की आशंका 55 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि इस दिन भी मैच में बारिश खलल डाल सकती है।
इस दिन भी मैच के दौरान बादल छाए रहेंगे। हवाओं की गति 35 km/h रहेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिच रिपोर्ट
नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच अब तक बैटर्स के लिए फायदमेंद दिखी है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल इसी मैदान पर खेला था। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बैटिंग करते हुए 338 रन बनाए थे।
जवाब में भारतीय टीम ने 48.3 ओवर्स में ही 341 रन बनाकर यह मैच जीत लिया था। दूसरी पारी में यहां ओस एक अहम भूमिका निभा सकती है।
राधा की जगह स्नेहा आ सकती हैं
सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाया था। टीम में 8 नंबर तक बैटिंग ऑप्शन हैं। साथ ही 6 बॉलिंग ऑप्शन भी हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना कम ही है।
हालांकि बॉलिंग में राधा यादव काफी महंगी साबित हुई थीं। ऐसे में उनकी जगह स्नेह राणा की एंट्री हो सकती है। दूसरा कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा। दूसरी ओर साउथ अफ्रीकी प्लेइंग-11 में भी बदलाव होना मुश्किल है।
मैच में दोनों टीमों की पोसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अमनजोत कौर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ और श्री चरणी।
साउथ अफ्रीका टीम: लाउरा वोलवार्ड (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लूस, एनेरी डर्कसेन, एन्नेके बॉश, मारिजैन कप्प, सिनालो जाफ्टा (विकेटकीपर), श्लोए ट्रायोन, नदिनी डी क्लर्क, अयाबोंगा खाका और नॉनकुलुलेको म्लाबा।

