IND Vs SA दूसरा टेस्ट कल से-6796: शुभमन गिल चोट के कारण बाहर, ऋषभ पंत को मिली कप्तानी
Published: Updated:
2 min read

शुभमन गिल हॉस्पिटल से छुट्टी होने के बाद 19 नवंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे। यहां भी उन्हें मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। चोट के कारण कप्तान शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। अब उनकी जगह ऋषभ पंत टीम की कमान संभालेंगे। इस बात की जानकारी खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दी है।
सीरीज का पहला टेस्ट कोलकाता में खेला गया था, जिसमें इंडिया को 30 रन से हार झेलनी पड़ी। अब दूसरा मैच भारतीय टीम के लिए करो या मरो वाला है। यह मुकाबला कल (22 नवंबर) से गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
हॉस्पिटल से छुट्टी होने के बाद गिल 19 नवंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे। यहां भी उन्हें मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया था। हालांकि वे फिट नहीं हुए। अब शुभमन गिल मुंबई रवाना होंगे, जहां उनका आगे का इलाज होगा।
कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल
इसी कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में गिल को गर्दन में चोट लगी थी। उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि एक दिन बाद ही गिल को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी।
गिल कोलकाता टेस्ट की पहली पारी में बैटिंग के लिए आए थे, लेकिन 3 बॉल पर 4 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। तीसरी बॉल पर स्वीप शॉट खेलने के दौरान ही उन्हें गर्दन में दर्द हुआ। वे मैदान से बाहर गए और दोनों पारी में बैटिंग के लिए दोबारा नहीं आए।
गिल को रिटायर्ड आउट करार दिया गया। गिल बीच मैच से बाहर हुए थे। उनकी जगह रवींद्र जडेजा ने कप्तानी संभाली थी।
प्लेइंग-11 में होंगे 2 बड़े बदलाव
सिलेक्शन कमेटी ने पहले ही गिल की जगह मीडियम पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को स्क्वॉड में शामिल कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब उन्हें ही प्लेइंग-11 में भी मौका मिलना तय है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को भी बाहर बैठाया जाएगा। दूसरे बदलाव के तौर पर साई सुदर्शन की प्लेइंग-11 में एंट्री होगी।
गुवाहाटी टेस्ट में भारतीय संभावित प्लेइंग-11:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

