इंडिया-पाकिस्तान के 15 दिन में 3 मैच: एशिया कप हुआ तो यही समीकरण बनेगा; 12 साल बाद एक साल में दोनों टीम के बीच 4 मैच होंगे
Published:
3 min read

पाकिस्तान टीम के कप्तान मोहम्मद रिजवान और भारतीय टी20 टीम के कैप्टन सूर्यकुमार यादव। आखिरी बार 2012 में भारत-पाकिस्तान के बीच एक साल में 4 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल मैच हुए थे। (फाइल फोटो)
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होने वाला है। इसमें क्रिकेट फैन्स को भारत-पाकिस्तान मैच का ट्रिपल डोज मिल सकता है। यानी टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच 15 दिन में 3 मुकाबले हो सकते हैं। एशिया कप का शेड्यूल भले ही जारी हो गया हो, लेकिन टूर्नामेंट पर अब भी तलवार लटकी हुई है। भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर सकती है। टूर्नामेंट के टलने की भी संभावना है।
शेड्यूल के मुताबिक, भारतीय टीम को अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE से खेलना है। जबकि दूसरा मुकाबला 14 सितंबर को पाकिस्तान से होगा। टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में अपना तीसरा मैच 19 सितंबर को ओमान से खेलेगी।
सुपर-4 राउंड में हो सकता है दूसरा मुकाबला
एशिया कप की मेजबानी भारत के पास है, लेकिन पाकिस्तान से राजनीतिक रिश्ते ठीक नहीं होने के चलते टूर्नामेंट UAE में शिफ्ट किया गया है। ग्रुप स्टेज में 6 टीमों के बीच कुल 12 मुकाबले होंगे। दोनों ग्रुप में टॉप-2 टीम सुपर-4 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी।
इसी राउंड में भारत और पाकिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला हो सकता है। दरअसल, यह दोनों टीमें ग्रुप-A में हैं। उनके साथ ओमान और UAE की टीमें भी हैं। ऐसे में पॉसिब्लिटी है कि ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान ही टॉप-2 में रहेंगी।

फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को
यदि ऐसा होता है तो फिर सुपर-4 राउंड टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला हो सकता है। शेड्यूल के मुताबिक, सुपर- राउंड में 21 सितंबर को ग्रुप-A की टॉपर और दूसरे नंबर की टीम के बीच मैच होगा।
सुपर-4 राउंड में चार टीमों के बीच 6 मैच खेले जाएंगे। यहां टॉप-2 टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। ऐसे में एक बार फिर यह समीकरण बन सकते हैं कि भारतीय टीम और पाकिस्तान ही टॉप-2 में रहें। यदि ऐसा भी होता है तो फिर इन दोनों टीमों के बीच एशिया कप में तीसरा मुकाबला हो सकता है। फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को शेड्यूल है।
इस तरह हो सकते हैं इंडिया-पाकिस्तान के बीच 3 मैच
14 सितंबर: ग्रुप स्टेज
21 सितंबर: टॉप-4 राउंड (A1 Vs A2)
28 सितंबर: फाइनल
एशिया कप में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारतीय टीम सबसे तगड़ी है। पाकिस्तान को टक्कर अफगानिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका से मिलेगी। हालांकि पाकिस्तान के लिए इन तीनों टीम से पार पाना मुश्किल नहीं होगा। ऐसे में तीन मैचों का ये समीकरण बनना मुश्किल नहीं दिख रहा।

एशिया कप में इस तरह होंगे 2 ग्रुप
ग्रुप-A: भारत, पाकिस्तान, ओमान और UAE
ग्रुप-B: अफगानिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और हॉन्ग कॉन्ग
12 साल बाद एक ईयर में दोनों टीम के बीच 4 मैच
एशिया कप में यदि इंडिया-पाकिस्तान के बीच 3 मैच होते हैं तो एक नया रिकॉर्ड बनेगा। 12 साल बाद पहली बार ऐसा होगा जब एक ईयर में भारत-पाकिस्तान टीम के बीच 4 इंटरनेशनल मैच होंगे।
टीम इंडिया ने इसी साल 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच खेला था। यह मुकाबला ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के तहत दुबई में खेला गया था। 12 साल पहले 2012 में दोनों टीमों के बीच 2 वनडे और 3 टी20 मैच हुए थे।

