टीम इंडिया प्रेशर में नहीं आती : राशिद लतीफ बोले- पाकिस्तानी प्लेयर हाइपर और इमोश्नल हो जाते हैं, फिर कैसे जीतेंगे
Published:
3 min read

भारत और पाकिस्तान के बीच 13T20I मैच खेले गए है जिसमें भारत ने 10 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान केवल 3 बार ही जीत पाया है।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होता है तो दोनों देशों में अलग ही माहौल होता है। जब बात T20 मैचों की होती है तो भारत का पलड़ा साफ तौर पर भारी नजर आता है। अब तक दोनों टीमें T20 में 13 बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें भारत ने 10 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान केवल 3 बार ही जीत पाया है। इस रिकॉर्ड को लेकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने एक बड़ा बयान दिया है।
प्रेशर में गलती होना तय
लतीफ ने एक इंटरव्यू में कहा- पाकिस्तान की टीम जब भी भारत के खिलाफ खेलती है तो वो ज्यादा इमोश्नल और हाइपर हो जाती है। ऐसे में खिलाड़ी दबाव में आकर गलत फैसले लेते हैं और मैच हार जाते हैं। लतीफ ने कहा कि टीम इंडिया हमेशा कंडीशन के हिसाब से खेलती है, प्रेशर में नहीं आती और यही वजह है कि ज्यादातर वो ही जीतती है। लतीफ ने आगे कहा- हम इमोश्नल हो जाते हैं। सब कुछ एक साथ करना चाहते हैं। हम मैच को आखिर तक नहीं ले जाते और इसी वजह से हार जाते हैं।

इंडिया का माइंड सेट अलग
लतीफ ने आगे कहा- इंडिया की टीम हर बार मैच की कंडीशन के हिसाब से स्ट्रैटेजी बनाती है और उसी हिसाब से खेलती है। वहीं पाकिस्तान अक्सर प्लानिंग से ज्यादा इमोशन्स से खेलता है। हालांकि यह हमारे लिए सही नहीं है। भारत हमेशा अलग माइंड सेट के साथ खेलता है।
30 साल से मेंटल प्रेशर
राशिद आगे कहते हैं- पाकिस्तान की टीम 30 साल से भारत के खिलाफ हार का मेंटल प्रेशर झेल रही है। भारत के खिलाफ तो यह बहुत ज्यादा हो जाता है। टीम इंडिया पाकिस्तान की इसी कमी का बखूबी अपने फेवर में इस्तेमाल करती है।
लतीफ कहते हैं- भारत ने हाल ही में कोई T20 इंटरनेशनल नहीं खेला है। इंडिया ने कोई प्रैक्टिस या वॉर्मअप मैच भी नहीं खेला। इसके बावजूद वो जब मैदान में उतरते हैं तो कमाल करते हैं।

फरहान का माइंड सेट अलग
लतीफ ने पाकिस्तान के बैटर साहिबजादा फरहान की तारीफ करते हुए कहा- वो इस बार भारत के खिलाफ टीम के 'सरप्राइज पैकेज' हो सकते हैं। फरहान पिछले 3-4 साल से डोमेस्टिक T20 क्रिकेट में अच्छा खेले हैं। 1000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उन्होंने हाल ही में 4-5 शतक भी लगाए हैं। फरहान बैटिंग में पूरा रोल अदा करते हैं। वो अपने लिए नहीं, बल्कि टीम के लिए खेलते हैं।

