दुबई में चौथी बार इंडिया Vs PAK टी20: इनमें से 1 जीता 2 हारे; टोटल 9 मुकाबलों में से 5 जीते; सूर्या यहां पहली बार कप्तानी करेंगे
Published:
3 min read

एशिया कप में टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। पाकिस्तान टीम की कमान सलमान अली आगा के हाथ में है। (सोशल मीडिया)
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर को होगा। टी20 फॉर्मेट में होने वाले इस टूर्नामेंट का फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। इसमें भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को मुकाबला होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का टी20 रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं है।
एशिया कप में टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। वे भी इस मैदान पर पहली बार बतौर कप्तान उतरने वाले हैं। दुबई स्टेडियम में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ अब तक (22 अगस्त) 3 टी20 मैच खेले हैं। इसमें से एक में जीत दर्ज की। दो में पाकिस्तान को जीत मिली।
आखिरी टी20 मैच 101 रन से जीता था
भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में आखिरी टी20 मुकाबला एशिया कप के तहत ही 4 सिंतबर 2022 को खेला गया था। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया यह मैच 5 विकेट से हारी थी। अब भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई स्टेडियम में चौथा टी20 मैच खेला जाएगा।
यदि ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारतीय टीम ने दुबई स्टेडियम में अब तक कुल 9 टी20 मैच खेले हैं। इनमें से 5 जीते और 4 हारे हैं। दुबई में टीम इंडिया ने आखिरी टी20 मैच 8 सितंबर 2022 को अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था, जिसमें 101 रन से जीत दर्ज की थी।

कोहली-रोहित के बगैर उतरेगी टीम इंडिया
इस बार भारतीय टीम रोहित शर्मा और विराट कोहली के बगैर मैदान में उतरेगी। दोनों ने टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। पाकिस्तान टीम में भी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान नहीं होंगे। दोनों को खराब परफॉर्मेंस के चलते टीम से बाहर किया है।
हालांकि पाकिस्तान के मुकाबले भारतीय टीम काफी दमदार नजर आ रही है। ऐसे में टीम इंडिया के पास दुबई के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड सुधारने का मौका है।
भारतीय टीम पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी
एशिया कप इस बार 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।

एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान),अबरार अहमद,फहीम अशरफ,फखर जमां,हारिस रऊफ,हसन अली,हसन नवाज,हुसैन तलत,खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर),मोहम्मद नवाज,मोहम्मद वसीम जूनियर, साहबजादा फरहान,सैम अय्यूब,सलमान मिर्जा,शाहीन शाह अफरीदी और सुफियान मुकिम।

