शाहिद आफरीदी बोले- एक मछली पूरे तालाब को गंदा कर देती है: WCL में भारत-PAK मैच रद्द; धवन, रैना, युवी और भज्जी का ऐनवक्त पर खेलने से इनकार
Published:
3 min read

WCL 2025 के ऑर्गनाइजर्स ने पहले ही पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी को लीग से बाहर कर दिया था। (सोशल मीडिया)
वर्ल्ड क्रिकेट लीग 2025 (WCL) में भारत और पाकिस्तान का मैच रद्द हो चुका है। इंडिया लीजेंड्स के कई प्लेयर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद ऑर्गनाइजर्स ने न सिर्फ मैच रद्द किया बल्कि ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर भारत के लोगों से माफी भी मांगी।
दूसरी तरफ, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद आफरीदी ने इस मामले पर मीडिया से बातचीत की। कहा- क्रिकेट और पॉलिटिक्स को अलग-अलग रखना चाहिए। मेरा मानना है कि एक मछली पूरे तालाब को गंदा कर देती है।
दरअसल, आफरीदी ने शिखर धवन पर तंज कसा है। शिखर ही इंडिया लीजैंड के वो पहले प्लेयर थे, जिन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा था- मेरे लिए किसी भी चीज से बढ़कर मेरा देश है। देश है तो सब है।
पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में कई आतंकी पनाहगाहें और एयरबेस उड़ा दिए थे। पाकिस्तान की अपील के बाद बमुश्किल सीजफायर हुआ था।
पहले ऑर्गनाइजर्स ने क्या कहा, वह जानिए
इंस्टाग्राम पर जारी बयान में WCL ऑर्गनाइजर्स ने कहा- हम सभी क्रिकेट को प्यार करते हैं। हमने सुना था कि पाकिस्तान की हॉकी टीम भारत जाने वाली है। इसके पहले दोनों देशों के बीच वॉलीबाल मैच भी हुआ था। लिहाजा, हमें लगा कि फैन्स दोनों टीमों के लीजेंड्स को देखना पसंद करेंगे। हालांकि, अब हमें अहसास है कि हमारे इस कदम से कई लोगों को ठेस पहुंची। इसके लिए माफी की गुजारिश करते हैं।
....तो दिक्कत क्यों हुई
WCL में सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले चुके प्लेयर्स शिरकत करते हैं। WCL 2025 में भी कई टीम खेल रही हैं। शेड्यूल के मुताबिक, शुक्रवार को यहां भारत और पाकिस्तान का मैच होना था। इसके पहले शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर बयान पोस्ट किया और पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया।
शिखर के बाद युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सुरेश रैना समेत कई प्लेयर्स भी धवन के साथ खड़े हो गए। इन सभी ने कहा कि वो किसी सूरत में पड़ोसी देश पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे। इसके पहले इंडिया के सोशल मीडिया यूजर्स इन प्लेयर्स के इस लीग और खास तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का विरोध कर रहे थे। यही वजह है कि ऑर्गनाइजर्स पर भी दबाव था, क्योंकि वो इंडियन फैन्स की नाराजगी मोल लेने का जोखिम नहीं उठा सकते थे।
अब शाहिद आफरीदी की बात पर गौर करिए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- इंडियन लीजेंड्स को सबसे ज्यादा दिक्कत ही यही थी कि पाकिस्तान की टीम में शाहिद आफरीदी हैं। शाहिद का इतिहास रहा है कि वो हर मुद्दे पर भारत का विरोध करते हैं। कई साल पहले तो उन्होंने मोहाली स्टेडियम में कश्मीर का जिक्र किया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उन्होंने पेशावर में विक्ट्री परेड निकाली थी। युवराज और हरभजन कुछ साल पहले शाहिद की चैरिटी में मदद को लेकर भी आलोचना झेल चुके हैं। लिहाजा, इस बार वो आफरीदी के साथ नजर आने को लेकर सतर्क थे।
मीडिया से बातचीत में शाहिद ने कहा- अगर इंडियन प्लेयर्स को हमारे खिलाफ नहीं खेलना था तो पहले बताना चाहिए था। हमें यहां बुलाकर फिर खेलने से इनकार करना, मेरी समझ से परे है। एक मछली पूरे तालाब को गंदा करती है। इस मामले में भी यही हुआ। मैं नहीं जानता कि अगर इस लीग के फाइनल में यही दोनों टीमें पहुंचीं तो क्या होगा? हम भी कोई फैसला लेंगे।

