हमारी B टीम भी पाकिस्तान को हरा देगी: अतुल वासन बोले- रोहित-विराट के न होने से फर्क नहीं पड़ता; शोएब अख्तर बोले- स्टेडियम फुल रहेगा
Published:
2 min read

भारत के पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने पाकिस्तान टीम पर तंज कसा। कहा आज की पाकिस्तानी टीम इतनी कमजोर है कि भारत की B टीम भी उन्हें हरा देगी।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हमेशा खास होता है। लेकिन इस बार का मुकाबला और भी खास है, क्योंकि दोनों देश हालिया टेंशन के बाद आमने-सामने होंगे।पाकिस्तान के पूर्व पेसर शोएब अख्तर और भारत के पूर्व पेसर अतुल वासन ने इस मैच को लेकर बयान दिए हैं।
हाउसफुल होगा स्टेडियम
शोएब अख्तर ने एक इंटरव्यू में कहा- इंडिया और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच पूरी तरह से हाउसफुल होगा। कुछ लोग कह रहे हैं कि टिकट नहीं बिक, ऐसा बिल्कुल नहीं है। हालिया जंग के बाद हम इंडिया से पहली बार मैदान पर मिल रहे हैं। शोएब ने आगे कहा- टिकट कैसे बच सकती हैं? सब बिक चुके हैं। भारत पाकिस्तान का मैच हमेशा से खास होता है। मुकाबले की टिकट नहीं बिकी यह सब झूठ है।
पाकिस्तान ने की सीजफायर की मांग
शोएब का इशारा ऑपरेशन सिंदूर की तरफ था। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह ऑपरेशन किया था। भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया। इसके बाद दोनों देशों के बीच हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे। पाकिस्तान ने खुद सीजफायर की मांग की थी। पहलगाम हमले के बाद इंडिया और पाकिस्तान का पहली बार मैदान में आमना- सामना होगा।
हमारी बी टीम भी हरा देगी
दूसरी तरफ, भारत के पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने पाकिस्तान टीम पर तंज कसा। कहा- आज की पाकिस्तानी टीम इतनी कमजोर है कि हमारी B टीम भी उन्हें हरा देगी। जब हम 90 के दशक में खेलते थे, तब पाकिस्तान की टीम बहुत मजबूत थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं।

कोई फर्क नहीं पड़ता
वासन ने आगे कहा- अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मैच में नहीं भी होते, तो भी कोई फर्क नहीं पड़ता। वैसे भी समय के साथ पुराने खिलाड़ी जाते हैं और नए टैलेंट को मौका मिलता है। भारत के पास इतने अच्छे प्लेयर हैं कि सिलेक्शन करना भी मुश्किल हो गया है।

