IND Vs PAK मैच टिकट 15 लाख रुपए में: एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड ने कहा- सिर्फ ऑफिशियल वेबसाइट से टिकट खरीदें; सुपर-4 में भी हो सकता भारत-पाकिस्तान मैच
Published:
3 min read

भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी मुकाबला 23 फरवरी 2025 को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी में दुबई में खेला गया था। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। ( फाइल )
स्पोर्ट्स डेस्क- एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर को होगी। इसमें भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर भले ही खेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी हो, लेकिन अटकलें जारी हैं। बहरहाल, अगर शेड्यूल के हिसाब से देखा जाए तो दोनों टीम 14 सितंबर को दुबई में आमने-सामने होंगी। इस मैच के लिए टिकट ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। ब्लैक मार्केट में 15 लाख रुपए तक में टिकट बिक रही हैं।
पहलगाम हमले के बाद पहली बार दोनों टीमें भिड़ेंगी। WCL में पाकिस्तान के खिलाफ दो मैच होने थे, लेकिन खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से साफ मना कर दिया था।
IND vs PAK एशिया कप टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग
ऑफिशियल वेबसाइट पर अभी टिकट की बिक्री शुरू नहीं हुई, उससे पहले ही ब्लैक मार्केट में टिकट मिलना शुरू हो गए हैं। इन साइट्स पर मैच के टिकट 26,256 (AED 1100) से शुरू होकर 15.75 लाख रुपए (AED 66,000) तक बेचे जा रहे हैं। AED का फुल फॉर्म अरब एमिरेट्स दिरहम है। UAE में यही करंसी इस्तेमाल की जाती है। इसके ताजा रेट्स के लिहाज से इन टिकट की वैल्यू रुपए में कैल्कुलेट की गई है।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑफिशियल वेबसाइट पर इस हफ्ते के बाद बिक्री शुरू होने की संभावना है। ECB (एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुब्हान अहमद ने भी फैंस से कहा—एशियन क्रिकेट काउंसिल और ECB ने सोशल मीडिया पर अलर्ट जारी करते हुए कहा कि जो भी टिकट लेना है केवल ऑफिशियल साइट्स से ही लें, किसी और साइट से नहीं।
🎟️ ATTENTION FANS 🎟️
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) August 19, 2025
An important update regarding tickets for the DP World Asia Cup 2025.
#ACC pic.twitter.com/CYe4k0fRFi
सुपर-4 राउंड में हो सकता है दूसरा मुकाबला
एशिया कप की मेजबानी भारत के पास है, लेकिन पाकिस्तान से राजनीतिक रिश्ते ठीक नहीं होने के चलते टूर्नामेंट UAE में शिफ्ट किया गया है। ग्रुप स्टेज में 6 टीमों के बीच कुल 12 मुकाबले होंगे। दोनों ग्रुप में टॉप-2 टीमें सुपर-4 राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी।
इसी राउंड में भारत और पाकिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला हो सकता है। दरअसल, यह दोनों टीमें ग्रुप-A में हैं। उनके साथ ओमान और UAE की टीमें भी हैं। ऐसे में पॉसिबिलिटी है कि ग्रुप-A में भारत और पाकिस्तान ही टॉप-2 में रहेंगे।
खेल मंत्रालय से मंजूरी
पाकिस्तान हॉकी टीम एशिया कप के लिए भारत दौरे से मना कर चुकी है। हालांकि, भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने कहा है कि मल्टीनेशनल इवेंट में खेलने की परमिशन है, बाइलेटरल सीरीज नहीं हो सकतीं। इंडिया एशिया कप 2025, विमेंस वर्ल्ड कप 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे इवेंट में पाकिस्तान से मुकाबला करेगा, लेकिन सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर ही होंगे।

