टीम इंडिया बैट से जवाब देना जानती है: पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद गिल का 4 लफ्जों वाला पोस्ट
Published:
2 min read

शुभमन और अभिषेक ने भारतीय पारी की जबरदस्त शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। अभिषेक 39 बाॅल पर 74 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। गिल ने 28 गेंद पर 47 रन बनाए। फोटो क्रेडिट:(BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारत ने लगातार दूसरी बार पाकिस्तान को हराया। रविवार को दुबई में खेले गए सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हार मिली।
इस मैच में सिर्फ बैट और बॉल का मुकाबला ही नहीं हुआ, बल्कि मैदान पर भावनाएं भी दिखीं। पाकिस्तानी प्लेयर्स बार-बार उकसावे वाली हरकतें कर रहे थे। शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने इनका जवाब बल्ले से दिया। रही सही कसर तिलक वर्मा ने पूरी कर दी। मैच के बाद गिल ने X पर पोस्ट किया। अब यह वायरल हो रहा है।
रऊफ ने बहस की
पाकिस्तान के पेसर हारिस रऊफ ने बाउंड्री के पास खड़े होकर कुछ इशारे किए और बाद में मैदान पर गिल और अभिषेक शर्मा से बहस भी की। दरअसल, पाकिस्तानी प्लेयर्स टीम इंडिया के बैटर्स का फोकस डिस्टर्ब करने की साजिश कर रहे थे। हालांकि, यह कवायद पूरी तरह नाकाम साबित हुई।
गिल का X पोस्ट
जीत के बाद गिल ने x पर एक पोस्ट करते हुए सिर्फ 4 शब्द लिखे। कहा- हम खेल से जवाब देते हैं, लफ्जों से नहीं। (Game speaks, not words)
पर्सनल अटैक कर रहे थे पाकिस्तानी प्लेयर
मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा था- समझ नहीं आ रहा था कि ये लोग (पाकिस्तानी प्लेयर) क्यों जबरदस्ती आकर हमसे भिड़ रहे थे। मुझे यह चीज समझ नहीं आई। इसलिए मैं भी उनके पीछे पड़ गया। वो बेवजह पर्सनल अटैक कर रहे थे। मैंने और शुभमन गिल ने इस बारे में विकेट पर बातचीत की थी। हमने तय किया था कि हम मैच जीतकर इसका जवाब देंगे।
गिल के साथ तालमेल को लेकर अभिषेक ने कहा- हम स्कूल के दिनों से एक साथ खेल रहे हैं। जब भी हम साथ खेलते हैं तो इन्जॉय करते हैं।

105 रन की पार्टनरशिप
शुभमन और अभिषेक ने भारतीय पारी की जबरदस्त शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। अभिषेक 39 बाॅल पर 74 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच रहे। गिल ने 28 गेंद पर 47 रन बनाए।टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 172 रन का टारगेट दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट गंवाकर मैच जीत लिया।

