पाकिस्तान अब राइवल नहीं: सूर्या बोले- एक टीम 10 और दूसरी 2 मैच जीते तो क्या इसे राइवलरी कहेंगे; गंभीर ने टीम से कहा- अंपायर्स से तो मिल लो
Published: Updated:
3 min read

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में खेले गए सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के सुपर 4 एनकाउंटर में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान पर तंजिया लहजे में एक कमेंट किया। कहा- अब वो मैदान में राइवल नहीं है।
सूर्या का पाकिस्तान टीम पर तंज
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक तरह से पाकिस्तानी टीम पर तंज किया। उनसे पूछा गया कि भारत और पाकिस्तान की राइवलरी (मुकाबले या प्रतिद्वंदिता) पर आप क्या कहेंगे।इसके जवाब में सूर्या ने कहा- मुझे लगता है कि अब आप लोगों (मीडिया) को इसे राइवलरी कहना ही बंद कर देना चाहिए। देखिए, राइवलरी तब होती है जब दो टीमों के बीच 15 या 20 मैच खेले जाएं और एक टीम 10 मैच जीते, दूसरी टीम 7 या 8 मैच जीते। तब माना जाएगा कि हां, राइवलरी है। अब अगर एक टीम 10 मैच जीते और दूसरी 1 या 2…तो आप क्या इसे फिर भी राइवलरी ही कहेंगे।

दूसरी बार NO हैंडशेक
इस मैच में भी वही कन्ट्रोवर्सी हुई, जो 14 सितंबर को खेले गए इन्हीं दो टीमों के मैच के पहले और बाद में हुई थी। टीम इंडिया ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हैंडशेक नहीं किया। ऑफिशियल्स खासतौर पर ग्राउंड अंपायर्स से भी हैंडशेक नहीं किया था।
21 सितंबर के मैच में एक बात अलग रही कि टीम इंडिया ने हेड कोच गौतम गंभीर के कहने पर मैच के तमाम ऑफिशियल्स से हैंडशेक किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Gambhir - Umpire se to hath mila le
— Space Recorder (@1spacerecorder) September 22, 2025
🤣🤣🤣pic.twitter.com/HS6GxvLd9M
सबसे पहले रिंकू आए
मैच के बाद टीम इंडिया ड्रेसिंग रूम में पहुंची। उस दौरान फील्डिंग कोच टी. दिलीप और गौतम गंभीर ड्रेसिंग रूम के सामने बाउंड्री रोप्स के पास खड़े थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि गौतम ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करके प्लेयर्स को बुलाते हैं। गौतम कहते हैं- अरे, अंपायर्स से तो मिल लो। कोच के कहने का मतलब था कि मैच में ऑफिशियल्स से हैंडशेक कर लो। इसके बाद सबसे पहले रिंकू सिंह गौतम के पास पहुंचते हैं। इसके बाद टीम के बाकी प्लेयर्स आते हैं।

दूर से देखती रही पाकिस्तान टीम
जब ये सब कुछ चल रहा था, उस वक्त हार से निराश पाकिस्तान की टीम और सपोर्टिंग स्टाफ दूर से यह सब देख रहे थे। हालांकि, उनकी तरफ से कोई रिएक्शन देखने नहीं मिला।

