भारत-PAK मैच में अक्षर हो सकते हैं बाहर: पिछले मैच में लगी थी चोट, रिंकू सिंह को मिल सकता है मौका; बुमराह-वरुण की वापसी तय
Published:
2 min read

अक्षर पटेल ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू 17 जुलाई 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ किया था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप सुपर-4 का मुकाबला आज (21 सितंबर) को खेला जाएगा। भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकता है। 19 सितंबर को हुए ओमान के खिलाफ तीसरे मैच में कैच लेते समय अक्षर पटेल के सिर में चोट लग गई थी। इसके चलते उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा था।
उनकी हेल्थ को लेकर फील्डिंग कोच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी। 15वें ओवर में मिड-ऑफ के एरिया में एक कैच लेने के दौरान सिर के बल गिर गए।
कोच ने अक्षर की फिटनेस की जानकारी दी
मैच खत्म होने के बाद टीम इंडिया के फील्डिंग कोच प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। उनसे अक्षर की चोट के बारे में पूछा तो टी दिलीप ने कहा - मैंने अभी अक्षर को देखा है। अभी तो वह ठीक लग रहे हैं।
चोट के बारे में ज्यादा जानकारी तो नहीं दी। वे फिट हैं या नहीं, यह पाकिस्तान के खिलाफ मैच की प्लेइंग इलेवन के एलान के साथ ही पता चलेगा।
रिंकू के मिल सकता है अक्षर की जगह मौका
अक्षर पटेल मैच से बाहर होते हैं तो उनकी जगह टीम में रिंकू सिंह शामिल हो सकते हैं। क्योंकि रिंकू बेहतरीन बल्लेबाजी करते हैं और फिनिशर का रोल भी निभा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर वे गेंदबाजी भी कर सकते हैं। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को ओमान के खिलाफ मैच में आराम दिया गया था। पाकिस्तान के खिलाफ उनकी वापसी देखने को मिल सकती है।
एशिया कप में अक्षर का परफॉर्मेंस
अक्षर ने एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 3 मैच में 3 विकेट लिए और ओमान के खिलाफ बल्लेबाजी में 13 गेंद में 26 रन बनाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 18 रन देकर 2 विकेट लिए थे।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला रविवार को
21 सितंबर 2025, रविवार को भारत-पाकिस्तान के बीच सुपर 4 का दूसरा मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से खेला जाएगा। इससे पहले 14 सितंबर को हुए ग्रुप स्टेज मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था। इस सुपर 4 मैच में दोनों टीमों की नजरें फाइनल की ओर होंगी।

