इंडिया Vs पाकिस्तान 13 साल, 23 मैच: टीम इंडिया सिर्फ चार हारी; इस साल सभी 4 मुकाबले जीते, अब 5 महीने बाद टक्कर मुमकिन
Published:
3 min read

भारत-पाकिस्तान के बीच इस साल यानी 2025 में कुल 4 मैच खेले गए हैं। इसमें टीम इंडिया ने 4-0 से शिकस्त दी। (@BCCI & ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. 6 जनवरी 2013… यह वही तारीख है जब भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच बाइलेटरल सीरीज का आखिरी वनडे मैच खेला गया था। दिल्ली में हुए इस मैच को भारतीय टीम ने 10 रन से जीता था। हालांकि 3 वनडे की यह सीरीज पाकिस्तान ने 2-1 से जीती थी। इसके बाद राजनीतिक तनाव के चलते दोनों टीमों के बीच कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई।
दोनों टीमों ICC टूर्नामेंट और एशिया कप में ही आमने-सामने आई हैं। भारतीय टीम ने इन 13 सालों में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे और टी20 में मिलाकर कुल 23 मैच खेले। इस दौरान टीम इंडिया को सिर्फ 4 ही मैचों में हार मिली है।
इस साल दोनों टीम के बीच 4 मैच हुए
बाइलेटरल सीरीज बंद होने के बाद इस साल यानी 2025 में पहली बार ऐसा हुआ है, जब भारत-पाकिस्तान के बीच एक ही कैलेंडर ईयर में 4 मैच खेले गए हों। इसमें भी टीम इंडिया ने 4-0 से शिकस्त दी। एक मैच ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में हराया था। जबकि 3 टी20 मैच एशिया कप 2025 में हराए हैं।
रविवार (28 सितंबर) को भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल हुआ। इसमें पाकिस्तान को हराकर टीम इंडिया ने 9वीं बार एशिया कप खिताब अपने नाम किया। इसी एशिया कप के ग्रुप स्टेज और सुपर-4 में भी पाकिस्तान को हराया था।
इंडिया-पाकिस्तान के बीच अगला मैच 5 महीने बाद
अब क्रिकेट फैन्स के मन में यह सवाल जरूर होगा कि इंडिया-पाकिस्तान के बीच अगला मैच कब, कहां और किस टूर्नामेंट में होगा? इसका जवाब है कि इंडिया और पाकिस्तान की टीमें अब 5 महीने बाद यानी अगले साल होने वाली टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आमने-सामने आ सकती हैं। यह ICC टूर्नामेंट अगले साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक होना है।
फिलहाल, इस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फुल शेड्यूल नहीं आया है। इस टूर्नामेंट की मेजबानी इंडिया और श्रीलंका के पास संयुक्त रूप से है। सभी मुकाबले भारत के 5 और श्रीलंका के 2 वेन्यू पर होने हैं। पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में ही खेलेगी।
सूर्या ने कहा था- दोनों टीम के बीच कोई राइवलरी नहीं
सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में कहा था कि भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों को राइवलरी ना कही जाए। राइवलरी तो वहां होती है, जहां एकदूसरे के खिलाफ एक टीम ने 7 तो दूसरी ने 8 मैच जीते हों। यहां तो 10 या 11 मैच हुए, जिसमें पाकिस्तान ने एक ही मैच जीता है।
हालांकि सूर्या ने आखिर में यह भी कहा था कि उन्हें सटीक डेटा तो नहीं पता, लेकिन ऐसा ही कुछ मामला है। मगर हमने जो डेटा ऊपर बताया है उससे सूर्या पूरी तरह सच साबित होते हैं।
इंडिया-पाकिस्तान के बीच 2 फाइनल भी हुए
इन 13 सालों में इंडिया-पाकिस्तान के बीच कुल 12 वनडे मैच हुए। इसमें भारतीय टीम ने 9 जीते और 2 हारे हैं। एक मैच बेनतीजा रहा। जबकि टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमों के बीच कुल 11 मैच हुए। इमें टीम इंडिया ने 9 जीते और 2 हारे हैं।
इस दौरान इंडिया और पाकिस्तान के बीच 2 बार फाइनल मैच भी हुए। एक मुकाबला 18 जून 2017 को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल हुआ था। इसमें पाकिस्तान ने 180 रन से जीत दर्ज की थी। जबकि दूसरा फाइनल इस बार एशिया कप 2025 का हुआ। इसमें टीम इंडिया 5 विकेट से जीती है।

