वैभव को मौका मिलेगा या नहीं?: आयरलैंड से सीरीज बचाने उतरेगी टीम इंडिया; यहां पिच-वेदर रिपोर्ट, पॉसिबल-11, कम्प्लीट मैच प्रीव्यू
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और आयरलैंड के बीच 2 टी20 की सीरीज का आखिरी मैच आज शाम 6 बजे से खेला जाएगा। यह मुकाबला बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब यानी स्टॉर्मोंट स्टेडियम में होगा। आयरलैंड पहला मैच 34 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है।
भारतीय टीम यह मैच जीतकर सीरीज बराबर करने के लिए उतरेगी। इस मैच से पहले एक बार फिर वही सवाल फैन्स के मन में होगा कि आखिर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिलेगा या नहीं?
कप्तान और बैटिंग कोच का वैभव को लेकर बयान
यदि भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक और कप्तान श्रेयस अय्यर के बयान को सुना जाए तो वैभव को डेब्यू के लिए और इंतजार करना होगा। श्रेयस ने पहले मैच में टॉस के दौरान कहा था कि भारतीय प्लेइंग-11 में बैटिंग लाइनअप परफेक्ट है। सभी अच्छे प्लेयर हैं और शानदार परफॉर्म कर रहे हैं। वैभव भी दमदार प्लेयर हैं, लेकिन उन्हें डेब्यू के लिए इंतजार करना होगा।
सितांशु ने मैच से पहले कहा था- इसमें कोई शक नहीं है कि वैभव शानदार प्लेयर हैं। उन्होंने IPL और बाकी मैचों में दमदार प्रदर्शन किया है। उसे सही समय पर उसका हक मिलेगा। मैं नहीं मानता हूं कि किसी एक प्लेयर को मौका देने के लिए पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ी को हटा देना चाहिए। यह नाइंसाफी होगी।

वेदर रिपोर्ट
Accuweather के मुताबिक, बेलफास्ट में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की आशंका 57% है, यानी मैच होना मुश्किल दिख रहा है। हवाएं 59 km/h की रफ्तार से चलने का अनुमान है।
पिच रिपोर्ट
स्टोर्मोंट की पिच पर तेज गेंदबाजों का काफी मदद मिलती है। उन्हें शुरुआती 6-7 ओवर में अच्छी सीम और स्विंग मिलती है। पेसर्स को अच्छा बाउंस और स्पीड भी मिलती है। इस पिच पर बैटर्स को रुककर और संभलकर खेलना होगा, तभी वे रन बना पाएंगे।
जैसा कि इस सीरीज के पहले मैच में भी देखने को मिला था। इस मैदान पर हाइएस्ट स्कोर 5 विकेट पर 190 रन है, जो बांग्लादेश ने 2012 में बनाया था।
आयरलैंड पहली बार इंडिया से जीती
हेड-टू-हेड के मामले में भारतीय टीम का पलड़ा ही अब तक भारी रहा है। दोनों टीम के बीच 9 टी20 हुए, जिसमें से भारतीय टीम ने 8 मैच जीते। आयरलैंड को एक जीत नसीब हुई।

टीम इंडिया यहां दूसरी बार टी20 खेलेगी
टीम इंडिया इस स्टोर्मोंट स्टेडियम में दूसरी बार टी20 मैच खेलेगी। पहला मैच इसी सीरीज का था। इससे पहले भारतीय टीम ने यहां सिर्फ 4 वनडे खेले हैं। सभी मैच 2007 में हुए थे। एक आयरलैंड के खिलाफ खेला और जीता था। जबकि 3 साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले थे, जिसमें से 2 जीते और 1 हारा था।
दोनों पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर/सूर्यांश शेडगे, शिवम दूबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और रवि बिश्नोई/प्रसिद्ध कृष्णा/प्रिंस यादव।
आयरलैंड की टीम: टिम टेक्टर, रोस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेंजामिन कैलिट्ज, गैरेथ डेलेनी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड।

