श्रेयस पहली बार टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे: वैभव का डेब्यू संभव, बारिश की आशंका 88%; जानिए पिच रिपोर्ट और पॉसिबल 11, कम्प्लीट मैच प्रीव्यू
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय आयरलैंड दौरे पर है, जहां दोनों टीम के बीच 2 टी20 मैच की सीरीज होनी है। पहला मैच आज शाम 6 बजे से खेला जाएगा। दोनों मुकाबले बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब यानी स्टॉर्मोंट में होगा। इस सीरीज के साथ ही श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे।
उन्होंने इससे पहले किसी भी फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी नहीं की है। वे पहली बार जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में श्रेयस भारतीय टीम के 48वें कप्तान (किसी भी फॉर्मेट) होंगे।
वेदर रिपोर्ट
Accuweather के मुताबिक, बेलफास्ट में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की आशंका 88% है, यानी मैच होना मुश्किल दिख रहा है। हवाएं 30 km/h की रफ्तार से चलने का अनुमान है।
पिच रिपोर्ट
स्टोर्मोंट की पिच पर तेज गेंदबाजों का काफी मदद मिलती है। उन्हें शुरुआती 6-7 ओवर में अच्छी सीम और स्विंग मिलती है। पेसर्स को अच्छा बाउंस और स्पीड भी मिलती है। इस पिच पर बैटर्स को रुककर और संभलकर खेलना होगा, तभी वे रन बना पाएंगे। इस मैदान पर हाइएस्ट स्कोर 5 विकेट पर 190 रन है, जो बांग्लादेश ने 2012 में बनाया था।
वैभव का इंटरनेशनल डेब्यू संभव
इस मैच से 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू हो सकता है। हाल ही में उन्हें भारतीय टीम की जर्सी मिली, तब वे काफी खुश नजर आए। वैभव इस मैच में अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग कर सकते हैं।
संजू सैमसन नंबर-3 और उसके बाद श्रेयस अय्यर आ सकते हैं। उसके बाद उपकप्तान तिलक वर्मा का नंबर हो सकता है। ईशान को शायद ही मैच में जगह मिले। लोअर ऑर्डर में ऑलराउंडर शिवम दुबे और अक्षर पटेल आ सकते हैं। पिच के हिसाब से इस मैच में 4 पेसर को खिलाया जा सकता है।
आयरलैंड टीम अब तक इंडिया से नहीं जीती
हेड-टू-हेड के मामले में भारतीय टीम का पलड़ा ही अब तक भारी रहा है। दोनों टीम के बीच 8 टी20 हुए और सभी मैच भारतीय टीम ने जीते। आयरलैंड को एक भी जीत नसीब नहीं हुई।
टीम इंडिया यहां पहली बार टी20 खेलेगी
बेलफास्ट के स्टोर्मोंट स्टेडियम की कैपेसिटी सिर्फ 4,200 है। टीम इंडिया इस स्टेडियम में पहली बार टी20 मैच खेलेगी। इससे पहले भारतीय टीम ने यहां सिर्फ 4 वनडे खेले हैं। सभी मैच 2007 में हुए थे। एक आयरलैंड के खिलाफ खेला और जीता था। जबकि 3 साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले थे, जिसमें से 2 जीते और 1 हारा था।

इंडिया की पॉसिबल प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा/सूर्यांश शेडगे।
आयरलैंड दौरे के लिए इंडियन स्क्वॉड:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।

