ओवल में भारतीय टीम का रिकॉर्ड: 89 साल में खेले 15 टेस्ट, सिर्फ 2 में मिली जीत; 4 साल पहले ही इंग्लैंड को हराया था
Published: Updated:
2 min read

ओवल में टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। यह WTC 2021-23 का फाइनल था, जो 7 जून 2023 से खेला गया था। मैच में टीम इंडिया को 209 रन से हार मिली थी। (BCCI)
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इसका आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से लंदन के द ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। फिलहाल, इस सीरीज में इंग्लैंड टीम 2-1 से आगे है।
इस ओवल स्टेडियम में भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। उसने यहां 89 साल में कुल 15 टेस्ट खेले, जिसमें से सिर्फ 2 ही जीते हैं। इसमें 6 टेस्ट हारे, जबकि 7 ड्रॉ रहे हैं।
वाडेकर और कोहली की कप्तानी में जीते मैच
टीम इंडिया ने इस मैदान पर पहला टेस्ट 15 अगस्त 1936 को खेला था। इस मैच में इंग्लैंड ने 9 विकेट से हराया था। ओवल में भारतीय टीम को पहली जीत अगस्त 1971 में मिली थी। अजीत वाडेकर की कप्तानी में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया था।
इसके बाद ओवल में लगातार 5 टेस्ट ड्रॉ खेले। फिर 3 मैचों में हार मिली। सितंबर 2021 में जाकर भारतीय टीम को इस मैदान पर दूसरी जीत मिली थी। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेजबान इंग्लैंड को 157 रन से हराया था। तब रोहित शर्मा ने दूसरी पारी में 157 रन बनाए थे। वे प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।
WTC 2023 फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारे थे
इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ इस मैदान पर यह पहला टेस्ट होगा। यानी इस बार भारतीय टीम जीतती है, तो ओवल में यह उसकी लगातार दूसरी जीत होगी। हालांकि ओवल में टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
यह ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2021-23 सीजन का फाइनल था, जो 7 जून 2023 से खेला गया था। मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया को 209 रन से हार मिली थी।
सीरीज में भारत और इंग्लैंड के टेस्ट स्क्वॉड
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, अंशुल कम्बोज, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), एन जगदीसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह।
इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, हैरी ब्रुक, ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, लियाम डॉसन, बेन डकेट, जैमी ओवर्टन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग और क्रिस वोक्स।

