बुमराह ढाई साल बाद ODI खेलेंगे: कोहली की 6 महीने बाद टीम में वापसी; इंग्लैंड के खिलाफ आज वनडे सीरीज का आगाज
Published: Updated:
2 min read

कोहली ने आखिरी वनडे इसी साल 18 जनवरी और बुमराह ने 2023 वर्ल्ड कप में खेला था। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां उसे टी20 सीरीज में 0-4 से हार मिली है। अब दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम में खेला जाएगा। इस मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का खेलना लगभग तय है। यदि ऐसा होता है तो वे ढाई साल बाद ODI फॉर्मेट में वापसी करेंगे।
कोहली 6 महीने बाद टीम में खेलेंगे
दूसरी ओर विराट कोहली 6 महीने बाद भारतीय टीम के लिए मैच खेलते नजर आएंगे। कोहली IPL 2026 सीजन खेले थे और अपनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम को लगातार दूसरी बार चैम्पियन बनाया। इसके बाद हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल सके थे।
कोहली ने आखिरी वनडे इसी साल 18 जनवरी को खेला था। यह मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में हुआ था, जिसे न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीता था। कोहली ने इस मैच में 108 बॉल पर 124 रन की पारी खेली थी।
बुमराह ने आखिरी वनडे 2023 में खेला था
दूसरी ओर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आखिरी वनडे मैच 2023 वर्ल्ड कप में खेला था। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल था, जो 19 नवंबर को हुआ था। भारतीय टीम 6 विकेट से यह मैच और खिताब हारी थी। मैच में बुमराह ने 9 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इस तरह बुमराह करीब ढाई साल बाद भारतीय वनडे टीम में खेलते दिखेंगे।
हर्षित राणा टीम से बाहर
इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज से तेज गेंदबाज हर्षित राणा बाहर हो गए हैं। उन्हें ग्रेड 1 हैमस्ट्रिंग इंजरी है। उन्हें इंग्लैंड के साथ तीसरे टी20 के दौरान यह चोट लगी थी। हर्षित की जगह पेसर प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय ODI स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव।

