इंडिया Vs इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट-1016: पांचों दिन बारिश की आशंका; चौथा टेस्ट रद्द हुआ तो टीम इंडिया सीरीज नहीं जीत पाएगी
Published:
3 min read

भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। पहला और तीसरा मैच जीतकर इंग्लैंड टीम सीरीज में 2-1 से आगे है। (सोशल मीडिया)
टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच होने वाले मैनचेस्टर टेस्ट बारिश से धुल सकता है। मैच 23 जुलाई से खेला जाएगा। मगर पांचों दिन बारिश की आशंका है। हालांकि चौथे दिन थोड़ी राहत मिल सकती है। यदि बारिश के कारण मैच नहीं हो पाया, तो मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ या रद्द भी हो सकता है। यदि ऐसा हुआ तो टीम इंडिया सीरीज जीत नहीं पाएगी।
दरअसल, भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। पहला और तीसरा मैच जीतकर इंग्लैंड टीम सीरीज में 2-1 से आगे है। टीम इंडिया ने दूसरा टेस्ट जीता था।
पहले दिन बारिश की संभावना 62 प्रतिशत
यदि मैनचेस्टर टेस्ट का नतीजा नहीं निकलता है, तो टीम इंडिया यह सीरीज नहीं जीत पाएगी। उस स्थिति में भारतीय टीम आखिरी टेस्ट जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर ही कर सकेगी। मगर यह आखिरी टेस्ट जीतकर या ड्रॉ कराकर इंग्लैंड टीम सीरीज पर कब्जा कर सकती है। आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से द ओवल में होगा।
एक्वावेदर (Accuweather) के मुताबिक, 23 जुलाई को मैनचेस्टर में बारिश की संभावना 62 प्रतिशत है। ऐसे में पहले ही दिन मैच प्रभावित हो सकता है। अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवाएं 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
हालांकि मैच के चौथे दिन यानी 26 जुलाई का बारिश की संभावना 40 प्रतिशत ही है। ऐसे में इस दिन ज्यादा या पूरा खेल होने की उम्मीद है। जबकि बाकी 4 दिन बारिश की संभावना 50% से ज्यादा है।
पांचों दिन बारिश का पूर्वानुमान
23 जुलाई - 62%
24 जुलाई - 55%
25 जुलाई - 55%
26 जुलाई - 40%
27 जुलाई - 59%
दूसरा टेस्ट टीम इंडिया ने 336 रन से जीता
सीरीज का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीता था। जबकि दूसरा टेस्ट भारतीय टीम ने 336 रन से अपने नाम किया था। तीसरा मैच 10 जुलाई से हुआ था, जिसके आखिरी दिन रोमांचक अंदाज में इंग्लैंड ने 22 रन से जीत दर्ज की।
चौथे टेस्ट के लिए दोनों स्क्वॉड
इंग्लैंड टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जो रूट, जैक क्रॉली, बेन डकेट, ऑली पोप, जैकब बैथेल,जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स, जोश टंग, गस एटकिंसन और लियाम डॉसन।
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह।

