स्टोक्स के ड्रॉ का ऑफर नामंजूर क्यों: नासिर बोले- इंग्लिश बॉलर्स थक चुके थे; गंभीर का जवाब- हम किसी को खुश करने नहीं आए
Published:
3 min read

भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद रवींद्र जडेजा और बेन स्टोक्स हाथ मिलाते हुए। (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट की सीरीज का चौथा मैच रविवार (27 जुलाई) को मैनचेस्टर में ड्रॉ हो गया। दूसरी पारी में भारत के तीन बैटर्स ने शतक लगाए और तय लग रही हार को ड्रॉ में बदल दिया।
आखिरी दिन एक वक्त ऐसा आया जब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने मैच ड्रॉ का ऑफर दिया। उस समय भारत का स्कोर 386/4 था। टीम इंडिया 75 रनों की बढ़त बना चुकी थी। कंडीशन देखकर लग रहा था कि मैच ड्रॉ हो जाएगा। हालांकि रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने बैटिंग जारी रखने का फैसला किया।
इस फैसले के बाद कुछ एक्स प्लेयर भारत के फैसले को खेल भावना के खिलाफ बता रहें तो कुछ कुछ ने टीम इंडिया के इस फैसले को सही बताया।
जडेजा-सुंदर शतक के हकदार थे
पूर्व इंग्लैंड कप्तान नासिर हुसैन ने Sky Cricket से बातचीत में कहा- मुझे जडेजा और सुंदर के शतक का इंतजार करने में कोई परेशानी नहीं थी। इंग्लैंड के गेंदबाज थक चुके थे। उनके पैरों में अब जान नहीं बची थी। वे मैदान से बाहर जाना चाहते थे। हालांकि, जडेजा और सुंदर ने कड़ी मेहनत की थी और वो शतक बनाना चाहते थे। स्टोक्स को हैरी ब्रूक से गेंदबाजी करानी पड़ी, जो थोड़ा अजीब लगा। भारत को पूरा क्रेडिट जाता है।
हम किसी को खुश करने नहीं आए
भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर ने भी इस मुद्दे पर खुलकर बात रखी। उन्होंने कहा- पांचवें दिन जब केवल 15 ओवर बचे थे, तब स्टोक्स ने मैच ड्रॉ करने का ऑफर दिया। जब हमारे खिलाड़ी 90 और 85 पर खेल रहे हैं, तो क्या उन्हें उनके शतक का हक नहीं मिलना चाहिए? अगर इंग्लैंड के खिलाड़ी इस मोड़ पर होते, तो क्या वे मैदान छोड़ते? बिल्कुल नहीं। हमारे खिलाड़ियों ने मुश्किल हालात में रन बनाए। ये शतक उन्होंने मेहनत से हासिल किए हैं। हम यहां किसी को खुश करने नहीं आए हैं।
भारत VS इंग्लैंड: स्कोरकार्ड एक नजर में
भारत की पहली पारी: 358 रन
-
यशस्वी जायसवाल – 58 रन
-
केएल राहुल – 46 रन
-
साई सुदर्शन – 61 रन
-
ऋषभ पंत – 54 रन
इंग्लैंड की पहली पारी: 669 रन
-
बेन डकेट – 94 रन
-
जैक क्रॉली – 84 रन
-
जो रूट – 150 रन
-
बेन स्टोक्स – 141 रन
भारत की दूसरी पारी: 425/4
-
केएल राहुल – 90 रन
-
शुभमन गिल – 103 रन
-
रविंद्र जडेजा – 107 रन
-
वाशिंगटन सुंदर – 101 रन
भारत के पास सीरीज ड्रॉ कराने का मौका
इस ड्रॉ मैच के बाद भी इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे बना हुआ है। भारत के पास आखिरी टेस्ट में जीत दर्ज कर सीरीज बराबर करने का मौका है। अंतिम मुकाबला लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा।

