भारत vs इंग्लैंड सीरीज: लॉडर्स टेस्ट में गिल तोड़ सकते हैं कई रिकॉर्ड, ब्रैडमैन-गावस्कर और कोहली को छोड़ेंगे पीछे
Published:
3 min read

शुभमन गिल (सोर्स: AP)
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। तीसरा मुकाबला आज (10 जुलाई) से लॉडर्स में खेला जाएगा। कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में है। वे इस तीसरे टेस्ट में सर डॉन ब्रैडमैन, सुनील गावस्कर और विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
आइए जानते हैं कौन-कौन से बड़े रिकॉर्ड गिल के निशाने पर हैं…
बतौर कप्तान डेब्यू सीरीज में सबसे ज्यादा रन
1936-37 की एशेज सीरीज में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डॉन ब्रैडमैन ने बतौर कप्तान पहली ही टेस्ट सीरीज में 810 रन बनाए थे। यह रिकॉर्ड पिछले 88 सालों से कायम है।
मौजूदा सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में गिल 585 रन बना चुके हैं। वे इस रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 225 रन दूर हैं। इत्तेफाक से यह गिल की भी कप्तान के रूप में पहली टेस्ट सीरीज है।
एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान
शुभमन गिल 148 रन बनाते ही सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। बतौर कप्तान गावस्कर ने 1978-79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 732 रन बनाए थे। गिल के पास अभी तीन टेस्ट बाकी हैं। ऐसे में ये रिकॉर्ड टूटना तय माना जा रहा है।
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन
डॉन ब्रैडमैन ने 1930 की एशेज सीरीज में 974 रन बनाए थे। यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है, जो आज भी कायम है। गिल मौजूदा सीरीज में 585 रन बना चुके हैं। 390 रन बनाते ही वे यह रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। गिल बाकी 3 टेस्ट की 6 पारी में ये काम आसानी से कर सकते हैं।
एक सीरीज में सबसे ज्यादा शतक
वेस्टइंडीज के क्लाइड वाल्कोट ने 1955 में एक सीरीज में 5 शतक लगाए थे। गिल अभी 3 शतक जमा चुके हैं। उनके पास अभी तीन टेस्ट बाकी हैं। अगर वो दो और शतक लगा लेते हैं, तो इस रिकॉर्ड की बराबरी हो जाएगी।
कप्तान के रूप में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा चार शतक ब्रैडमैन के नाम हैं। भारतीयों में ये रिकॉर्ड गावस्कर के नाम है, जिन्होंने 1971 और 1978-79 में चार शतक जमाए थे।
कप्तान के रूप में सबसे तेज 1 हजार रन
बतौर कप्तान सबसे तेज 11 पारियों में एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड ब्रैडमैन के नाम है। गिल को ये रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अगली 6 पारियों में 415 रन बनाने होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन
यशस्वी जायसवाल ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 712 रन बनाए थे। गिल उससे सिर्फ 127 रन पीछे हैं। वहीं इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा रन का भारतीय रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है, उन्होंने 602 रन बनाए थे।
शुभमन गिल इस रिकॉर्ड से भी सिर्फ 18 रन दूर हैं। जबकि बतौर भारतीय कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने 655 रन बनाए थे। यह रिकॉर्ड तोड़ने में गिल को 91 रन और चाहिए।

