मैनचेस्टर में बारिश की आशंका : हम इंग्लैंड से 11 साल से T20 सीरीज नहीं हारे; दूसरे मैच से पहले कम्पलीट मैच प्रीव्यू
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीम के बीच 5 टी20 की सीरीज खेली जा रही है। दूसरा मैच आज (4 जुलाई) मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले होगा। पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। हालांकि, इस मैच में भी बारिश की आशंका है।
पहले मैच में भारत ने 189 बनाए थे
बारिश से पहले भारत ने 20 ओवर में 189 रन बनाए थे। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 68 रन और अभिषेक शर्मा ने 24 बॉल में 59 रन बनाए थे। वहीं, शिवम दुबे ने 21 बॉल में 42 रन की इंनिग खेली थी। इंग्लैंड की ओर से साकिब महमूद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए थे। इसके बाद बारिश तेज हो गई। इंग्लैंड की पारी शुरु नहीं हो सकी।

आखिरी सीरीज 2014 में हारे थे
इंग्लैंड के खिलाफ बाइलेटरल T20 सीरीज में भारतीय टीम का रिकॉर्ड अब तक अच्छा रहा है। टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ 11 साल से T20 सीरीज नहीं हारी है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 सीरीज उसी के घर में सितंबर 2014 में गंवाई थी। इसके बाद से दोनों टीम के बीच ओवरऑल 5 सीरीज खेली गईं, जो इंडिया ने जीतीं। इनमें से 2 सीरीज इंग्लैंड में खेली गईं।
पिछले 7 टी20 में से इंडिया ने 6 जीते
ओवरऑल मैच की बात करें तो इसमें भी भारतीय टीम आगे नजर आती है। दोनों टीम के बीच हुए 31 टी20 हुए, जिसमें से इंडिया ने 18 जीते और 12 हारे हैं। दोनों टीम के बीच हुए पिछले 7 मैच में से भारतीय टीम ने 6 जीते और सिर्फ एक टी20 हारा है।

वेदर रिपोर्ट
Accuweather के मुताबिक, मैनचेस्टर में शनिवार को मौसम खराब रह सकता है। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। बारिश की आशंका 55% है। टेम्परेचर 15 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पिच रिपोर्ट
मैनचेस्टर की पिच बैटिंग के लिए अच्छी मानी जाती है। हालांकि, इंग्लिश कंडीशन्स में शुरुआत में पेसर्स को भी स्विंग और बाउंस मिलती है। इस मैदान पर पहली पारी का एवरेज स्कोर 156 रन है। डेटा देखें तो यहां पहले बॉलिंग करने वाली टीम को ज्यादा सफलता मिली है। पहले बॉलिंग करने वाली टीम ने 60% मैच जीते हैं, जबकि पहले बैटिंग करने वाली टीम 40% मैच ही जीत सकी है।
दूसरे टी20 से पहले BCCI ने यह वीडियो शेयर किया..जरूर देखें
दोनों पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड टीम: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, सोनी बेकर/ल्यूक वुड, साकिब महमूद और आदिल राशिद।

