ड्यूक बॉल की जांच होगी: कंपनी के ओनर बोले- तीन टेस्ट में इस्तेमाल हुईं बॉल्स को बारीकी से परखेंगे, जरूरी सुधार किए जाएंगे
Published: Updated:
4 min read

इंडिया-इंग्लैंड सीरीज के तीन टेस्ट हो चुके हैं। इन तीनों ही मैचेस में ड्यूक बॉल की क्वॉलिटी को लेकर सवालिया निशान लगे। इनसेंट में ड्यूक कंपनी के ओनर दिलीप जाजोदिया। (फाइल)
भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। सीरीज के पांच मे से तीन टेस्ट खेले जा चुके हैं। इंग्लैंड 2-1 से आगे है। इस सीरीज में ड्यूक बॉल इस्तेमाल की जा रही है। इसकी क्वॉलिटी को लेकर सवालिया निशान हैं। अब कंपनी के मालिक दिलीप जाजोदिया ने सफाई दी है। दिलीप ने कहा- तीन टेस्ट के दौरान जिन बॉल्स का इस्तेमाल किया गया, हम उनकी जांच करेंगे।
दरअसल, टीम इंडिया के लिए ड्यूक बॉल्स परेशानी का सबब साबित हो रही हैं। इसका शेप जल्द बिगड़ रहा है और यह बहुत कम ओवर्स में ही सॉफ्ट भी हो जाती है। टीम मैनेजमेंट ने ICC के सामने ऑफिशियली इसकी शिकायत भी की है। इन आरोपों पर पहली बार कंपनी की तरफ से सफाई आई है।
हर देश की बॉल अलग
दिलीप ने न्यूज एजेंसी से कहा- हम हर चीज की जांच करेंगे, चाहे वह लेदर हो, टैनिंग हो या बाकी कच्चा माल। हर चीज को बारीकी से परखा जाएगा। जहां जरूरत होगी, सुधार करेंगे। हर देश होम सीरीज में अपने हिसाब से बॉल सिलेक्ट करता है। नियम के मुताबिक- इस पर मेहमान टीम ऑब्जेक्शन नहीं कर सकती।
भारत में SG, ऑस्ट्रेलिया में कूकाबुरा और इंग्लैंड में ड्यूक्स बॉल यूज होती है। ड्यूक्स बॉल इंग्लैंड की पिचों पर लंबे समय तक स्विंग और सीम मूवमेंट देती है, लेकिन इस सीरीज में ऐसा देखने को नहीं मिला। कुछ लोगों का मानना है कि बॉल को जानबूझकर बल्लेबाजों के लिए ज्यादा आसान बनाया गया है। दूसरी तरफ, कुछ ये भी मानते हैं कि इसमें मैन्यूफैक्चरिंग डिफेक्ट है।
अब कंपनी ने कहा है कि दोनों टीम के बीच हुए पहले तीनों टेस्ट में इस्तेमाल हुई बॉल्स की अच्छी तरह से जांच करेगी। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि बॉल की क्वालिटी को लेकर शिकायतें आई हैं।
गिल और स्टुअर्ट ब्रॉड खुश नहीं
शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट के बाद नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि ड्यूक्स बॉल बहुत जल्दी नर्म हो गई थी, जिससे बल्लेबाजों को फायदा हुआ। यही बात कुछ और खिलाड़ियों के अलावा एक्सपर्ट्स ने भी कही। उनका कहना था कि ड्यूक्स बॉल वैसे परफॉर्म नहीं कर रही, जैसे पहले किया करती थीं।
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी बॉल की क्वालिटी को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा- ड्यूक्स बॉल हमेशा अपनी शेप और मूवमेंट के लिए फेमस रही हैं, लेकिन इस बार इसकी क्वालिटी खराब लगी। ब्रॉड ने तुरंत सुधार के लिए कहा, क्योंकि इससे खेल पर असर पड़ रहा है।
जल्द ही टेस्टिंग शुरू
बॉल को लेकर विवाद के बाद तीन टेस्ट मैचों में रिजल्ट आए हैं। सीरीज अभी 2-1 से इंग्लैंड ने बढ़त बना कर रखी है। यह साफ नहीं है कि चौथे मैच से पहले कोई बदलाव होगा या नहीं, पर ड्यूक्स बॉल की टेस्टिंग जल्दी ही शुरू हो जाएगी।
भारत-इंग्लैंड के बीच मैच सीरीज और रिजल्ट:
पहला टेस्ट: इंग्लैंड Vs भारत, 20-24 जून 2025, हेडिंग्ले, लीड्स – इंग्लैंड जीता।
दूसरा टेस्ट: इंग्लैंड Vs भारत, 2-6 जुलाई 2025, एजबेस्टन, बर्मिंघम – भारत जीता।
तीसरा टेस्ट: इंग्लैंड Vs भारत, 10-14 जुलाई 2025, लॉर्ड्स, लंदन – इंग्लैंड जीता।
चौथा टेस्ट: इंग्लैंड Vs भारत, 23-27 जुलाई 2025, एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर।
पांचवां टेस्ट: इंग्लैंड Vs भारत, 31 जुलाई-4 अगस्त 2025, किआ ओवल, लंदन।
इंग्लैंड स्कवॉड
बेन स्टोक्स (कप्तान), ओली पोप, जो रूट, बेन डकेट, जैक क्रॉली, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ, जैकब बैथेल, क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, ब्रायडन कार्स, शोएब बशीर, गस एटकिंसन, जॉश टंग, जेमी ओवरटन और सैम कुक।
टीम इंडिया स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, के. एल. राहुल, करुण नायर, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव।

