अक्षर का ऑलराउंड परफॉर्मेंस: 4 विकेट लिए, फिफ्टी भी लगाई; कोहली 6 महीने और बुमराह ढाई साल बाद ODI खेले
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड दौरे पर पहुंची भारतीय टीम को आखिरकार पहली जीत मिल गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम को 5 टी20 की सीरीज में 0-4 से शिकस्त मिली थी। अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने 3 वनडे की सीरीज का पहला मैच 6 विकेट से जीत लिया है। इस मैच के साथ विराट कोहली 6 महीने और जसप्रीत बुमराह ने ढाई साल बाद वनडे टीम में वापसी की है।
कोहली बैटिंग में कमाल नहीं कर सके और 6 बॉल पर 5 ही रन बना पाए। बुमराह ने बॉलिंग तो शानदार की, लेकिन उन्हें विकेट एक ही मिला। उनका इकोनॉमी रेट 3.44 का रहा, जो शानदार है।
यह भी पढ़ें: IND vs ENG मैच में धोनी ने बच्चे से पॉपकॉर्न लिया: इंग्लैंड टीम से हैंडशेक के लिए कोहली ने गिल का इंतजार किया, VIDEO

अक्षर को 4 विकेट, इंग्लैंड 258 पर ऑलआउट
मैच में इंग्लैंड टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया और 47.5 ओवर में 258 रन पर ही सिमट गई। जो रूट ने 76 और लियाम डॉसन ने 68 रन की पारी खेली। बेन डकेट ने 43 रन बनाए। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने 62 रन देकर 4 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार को 2-2 विकेट मिले।
टीम इंडिया 45.2 ओवर में मैच जीती
259 रन के टारगेट को भारतीय टीम ने 45.2 ओवर में ही चेज कर लिया। रोहित शर्मा 21 बॉल पर सिर्फ 11 रन बना सके। कोहली भी 5 रन ही बना पाए। श्रेयस अय्यर ने 53 बॉल पर 35 रन बनाए। एक समय भारतीय टीम ने 48 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। फिर कप्तान शुभमन गिल ने 75 बॉल पर 80 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। वे रिटायर्ड हर्ट हुए।

गिल का साथ पहले श्रेयस ने दिया। दोनों के बीच 101 रन की पार्टनरशिप हुई। आखिर में वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने 102 रन की नाबाद पार्टनरशिप कर टीम को जीत दिलाई। सुंदर ने 52 और अक्षर ने 57 रन की नाबाद पारी खेली। इंग्लैंड के लिए सैम करन, जोश टंग और जोफ्रा आर्चर ने 1-1 विकेट लिया।
कोहली 6 महीने बाद टीम में खेले
कोहली 6 महीने बाद भारतीय टीम के लिए मैच खेलते नजर आए। कोहली IPL 2026 सीजन खेले थे और अपनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम को लगातार दूसरी बार चैम्पियन बनाया। इसके बाद हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल सके थे।

कोहली ने इससे पहले आखिरी वनडे इसी साल 18 जनवरी को खेला था। यह मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में हुआ था, जिसे न्यूजीलैंड ने 41 रन से जीता था। कोहली ने इस मैच में 108 बॉल पर 124 रन की पारी खेली थी।
बुमराह ने पिछला वनडे 2023 में खेला था
दूसरी ओर बुमराह ने पिछला वनडे मैच 2023 वर्ल्ड कप में खेला था। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल था, जो 19 नवंबर को हुआ था। भारतीय टीम 6 विकेट से यह मैच और खिताब हारी थी। मैच में बुमराह ने 9 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट लिए थे। इस तरह बुमराह करीब ढाई साल बाद भारतीय वनडे टीम में खेले।

