भारत-ऑस्ट्रेलिया का दूसरा ODI कल: टॉस अहम फैक्टर, भारत की नजर सीरीज बराबरी पर; यहां कम्पलीट मैच प्रिव्यू
Published:
4 min read

भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे कल (23 अक्टूबर) से खेला जाएगा। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। सीरीज का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से अपने नाम किया था। दूसरा मैच कल (23 अक्टूबर) को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया दूसरा मैच जीतकर बराबरी की कोशिश करेगी। इस मैदान पर भारतीय टीम ने 18 साल से कोई भी मैच नहीं हारा है। पर्थ का पहला मैच रेन अफेक्टेड रहा था। हालांकि एडिलेड में बारिश की आशंका कम है।
बारिश की आशंका कम
एडिलेड में होने वाले दूसरे वनडे में Accuweather के मुताबिक बारिश की संभावना 25% है। हालांकि, आधे वक्त बादल छाए रहेंगे। 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। दोपहर में तापमान 18 डिग्री तक रहेगा। एडिलेड में शाम को तापमान 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। लिहाजा, मौसम काफी सर्द हो जाएगा।
एडिलेड की पिच रिपोर्ट
एडिलेड की पिच पर अच्छी उछाल और समान गति होती है। इससे बल्लेबाज पावरप्ले में तेजी से रन बना सकते हैं। आउटफील्ड तेज है, इसलिए बाउंड्रीज आसानी से लगती हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को सीम मूवमेंट भी मिलती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच सूखती जाती है और स्पिनर्स को टर्न और उछाल मिलती है। हालांकि, छोटी बाउंड्री के कारण अगर लाइन-लेंथ बिगड़ी तो रन भी आसानी से निकल सकते हैं।
टॉस का रोल
ओवल के इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करती है। इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमें 300 से ज्यादा रन का स्कोर बहुत बार बना चुकी हैं, क्योंकि यह पिच शुरुआत में बल्लेबाजी करने के लिए बेहतरीन मानी जाती है। शाम के समय यह पिच धीमी होने लगती है, जिसके कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।
पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद
एडिलेड के इस मैदान पर वनडे का रिकॉर्ड काफी मजेदार रहा है। यहां अब तक 94 वनडे मैच खेले गए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 49 जबकि दूसरी बैटिंग करने वाली टीम ने 43 मैच जीते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 225 रन है, वहीं दूसरी पारी में यह औसत केवल 197 रन है। इस मैदान पर हाईएस्ट स्कोर की बात करें तो 369/7 रन है, जो ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। सबसे कम औसत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी ऑस्ट्रेलिया के नाम है, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ 70 रन पर ही सिमट गई थी।
अब तक सबसे बड़ा रन चेज 303/9 का हुआ है, जो श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ किया था। वहीं सबसे छोटा स्कोर जो टीम ने डिफेंड किया, वह 140 रन था, जब पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराया था। इन रिकॉर्ड से साफ है कि इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिलता है।
ऑस्ट्रेलिया में भारत का वनडे रिकॉर्ड
कुल वनडे मैच - 100
जीते - 40
हारे - 54
बेनतीजा - 4
टाई - 2
भारत-ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड
इस मैदान पर भारतीय टीम ने अब तक 15 वनडे मैच खेले, जिसमें से 9 जीते और 5 हारे हैं। एक मैच टाई रहा। दूसरी ओर मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एडिलेड में 54 वनडे मैच खेले और 37 जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया को यहां 17 मैचों में हार मिली।
भारत Vs ऑस्ट्रेलिया वनडे में हेड टू हेड
कुल वनडे मैच - 153
भारत जीता - 58
ऑस्ट्रेलिया जीता - 85
बेनतीजा - 10
सीरीज के लिए दोनों स्क्वॉड
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और यशस्वी जयसवाल।
ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मार्नस लाबुशेन, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), एडम जाम्पा, मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट और मिचेल स्टार्क।

