हेजलवुड का फॉर्म बिगाड़ेंगे अभिषेक शर्मा: गंभीर के असिस्टेंट रह चुके नायर बोले- यह सीरीज शर्मा के लिए किसी परीक्षा की तरह
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में अभिशषेक शर्मा ने 7 इनिंग में 314 रन बनाए थे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। यहां वह बुधवार (29 अक्टूबर) से पांच मैचों की टी-20 खेलेगी। मैच से पहले भारत के पूर्व असिस्टेंट बैटिंग कोच अभिषेक नायर ने अभिषेक शर्मा और जोश हेजलवुड के कॉम्पटिशन को लेकर अहम बात कही। नायर ने कहा- अगर अभिषेक फॉर्म में है तो हेजलवुड आउट ऑफ फॉर्म होंगे।
अभिषेक शर्मा फिलहाल ICC की टी-20 रैंकिंग में नंबर एक पर हैंं। वे एशिया कप 2025 में 314 रन के साथ टॉप स्कोरर रहे थे।
पावरप्ले में अभिषेक का बड़ा इम्पैक्ट
नायर ने कहा - अगर अभिषेक शर्मा फॉर्म में हैं, तो हेजलवुड आउट ऑफ फॉर्म हो जाएंगे। अभिषेक जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं, उन्हें पहली ही गेंद पर फोर या सिक्स लगाने के लिए जाना जाता है। अगर आप पावरप्ले में विपक्षी टीम पर प्रेशर बनाते हैं तो वह पूरे मैच में बना रहता है। यही अभिषेक शर्मा के गेम पर इम्पैक्ट डालता है। अगर वह शुरू के 6 ओवर तक बल्लेबाजी कर लेता है, तो टीम का स्कोर 60 से 80 रन तक लेकर जा सकता है। इससे उसके साथ वाले बल्लेबाज पर प्रेशर कम पड़ेगा, वहीं सामने वाली टीम पर प्रेशर बढ़ेगा।
अभिषेक के सामने होंगे हेजलवुड
नायर ने कहा - यह सीरीज अभिषेक के लिए बड़ी परीक्षा होगी, खासकर हेजलवुड के खिलाफ, जो इस समय बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और तेज बाउंसर डाल रहे हैं। लेकिन अब अभिषेक ने IPL और साउथ अफ्रीका में खेलकर अच्छा एक्सपीरियंस हासिल कर लिया है।
उन्होंने आगे कहा- अभिषेक का सोचने का तरीका बहुत बेफिक्र है। वह ऑस्ट्रेलिया में अपना नाम बनाना चाहता है और उसके लिए यह अच्छा मौका है। यहां अच्छा खेलकर बहुत सम्मान मिलता है। जितना मैं उसे जानता हूं, मुझे यकीन है कि वह इस सीरीज में अच्छा नाम बनाना चाहेगा।
अभिषेक शर्मा का T20I कॅरियर
अभिषेक शर्मा ने जुलाई 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 24 टी-20 खेले हैं। इनमें 196.1 की स्ट्राइक रेट से 849 रन बनाए हैं। 2 सेंचुरी और 5 हाफ सेंचुरी लगाई हैं। हालांकि, अभी तक उन्हें वनडे और टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया है। फिलहाल अभिषेक ICC की टी-20 बैटिंग रैंकिंग में नंबर 1 पर हैं।

