इंडिया ने पहला वनडे 7 विकेट से जीता: सीरीज में 1-0 से आगे; कप्तान गिल की फिफ्टी, डेब्यूटेंट हर्ष और गुरनूर को 3-3 विकेट
Published: Updated:
1 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज खेल रही है। दोनों टीम के बीच 3 वनडे की सीरीज का पहला मैच शनिवार (13 जून) को खेला गया। धर्मशाला में हुए इस मैच को बारिश के कारण 25-25 ओवर का किया गया था। इस मुकाबले को भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत लिया। शुभमन गिल ने फिफ्टी लगाई। साथ ही डेब्यूटेंट हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट लिए।
मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद अफगानिस्तान ने 195 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवाकर 22.5 ओवर में ही मैच जीत लिया।
मैच में बारिश के कारण टॉस 1 बजे की बजाय 5.15 बजे हुआ। जबकि खेल 5.45 बजे शुरू हुआ। इसी देरी की वजह से ओवर्स घटाए गए थे।
दूसरा वनडे 17 जून को
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों टीम के बीच सीरीज का दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।
इंडिया 7 विकेट से जीती, गिल की फिफ्टी
195 रन के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान शुभमन गिल ने ओपनिंग में आकर 66 बॉल पर 84 रन की नॉटआउट पारी खेली। इसमें 2 सिक्स और 11 चौके लगाए।
ईशान किशन ने 34, रोहित शर्मा ने 16, श्रेयस अय्यर ने 12 और केएल राहुल ने नाबाद 39 रन बनाए। इसके बदौलत भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवाकर 22.5 ओवर में 195 रन बनाकर मैच जीत लिया। अफगानिस्तान के लिए जिया उर रहमान और राशिद खान ने 1-1 विकेट लिया।
तीसरा विकेट, श्रेयस आउट
142 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 15 बॉल पर 12 रन बनाकर आउट हुए। जिया उर रहमान शरीफी की बॉल पर सलीम साफी ने कैच लिया।
दूसरा विकेट, ईशान आउट
भारतीय टीम ने 116 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवाया। राशिद खान ने ईशान किशन को क्लीन बोल्ड किया। ईशान ने 22 बॉल पर 34 रन की पारी खेली।
गिल की 37 बॉल पर फिफ्टी
शुभमन गिल की 37 बॉल पर फिफ्टी पूरी की। इस पारी में उन्होंने 2 सिक्स और 7 चौके लगाए।
पहला विकेट, रोहित रनआउट
भारतीय टीम ने 46 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया। रोहित शर्मा रनआउट हुए। उन्होंने 16 बॉल पर 16 रन बनाए।
रोहित-गिल ने ओपनिंग में मोर्चा संभाला
भारतीय बैटिंग शुरू हो गई है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने ओपनिंग में मोर्चा संभाला है। अफगानिस्तान के लिए पहला ओवर अजमतुल्लाह उमरजई ने किया, जिसमें 8 रन बने।
अफगानिस्तान 194/10, गुरबाज की सेंचुरी
25 ओवर के इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए अफगानिस्तान टीम 194 रन पर ऑलआउट हुई। ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज ने 48 बॉल पर सेंचुरी लगाई। उन्होंने 51 बॉल पर 102 रन बनाए। इस पारी में 8 सिक्स और 8 ही चौके लगाए। यह गुरबाज की वनडे क्रिकेट में 9वीं सेंचुरी है।
उनके अलावा कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने 27 और अजमतुल्लाह उमरजई ने 26 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने वाले लेफ्ट-आर्म स्पिनर हर्ष दुबे और पेसर गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार को 2-2 सफलताएं मिलीं।
एक ओवर में हर्ष को 2 विकेट
पारी के 22वें ओवर में डेब्यूटेंट हर्ष दुबे ने दो विकेट लेकर अफगानिस्तान को 8वां झटका दिया। उन्होंने दूसरी बॉल पर अजमतुल्लाह उमरजई और फिर चौथी बॉल पर एएम गजनफर को पवेलियन भेजा।
छठवां विकेट, नबी आउट
172 के स्कोर पर अफगानिस्तान टीम ने छठवां विकेट भी गंवा दिया। मोहम्मद नबी 9 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश रेड्डी का यह दूसरा विकेट रहा।
पांचवां विकेट, कप्तान शाहिदी आउट
144 के स्कोर पर अफगानिस्तान की आधी टीम सिमट गई। हर्श दुबे ने डेब्यू मैच में पहला विकेट लिया। उन्होंने अफगानिस्तानी कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को पवेलियन भेजा। शाहिदी का कैच केएल राहुल ने लिया।
चौथा विकेट, गुरबाज आउट
142 के स्कोर पर अफगानिस्तान टीम का चौथा विकेट गिरा। गुरबाज 51 बॉल पर 102 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश रेड्डी ने गुरबाज को क्लीन बोल्ड किया।
रोहित ODI खेलने वाले उम्रदराज भारतीय
रोहित शर्मा ने इस मैच में खेलने के साथ ही एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बन गए हैं। रोहित की उम्र इस मैच के दौरान 39 साल और 75 दिन रही।
इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। अमरनाथ ने 1989 में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था, तब उनकी उम्र 39 साल और 36 दिन थी।
गुरबाज की 48 बॉल पर सेंचुरी
रहमानुल्लाह गुरबाज ने 48 बॉल पर सेंचुरी लगाई। इस पारी में उन्होंने 8 सिक्स और 8 चौके लगाए। यह गुरबाज की वनडे क्रिकेट में 9वीं सेंचुरी है।
गुरबाज की 25 बॉल पर फिफ्टी
रहमानुल्लाह गुरबाज ने 25 बॉल पर अफगानिस्तान के लिए दूसरी फास्टेस्ट फिफ्टी लगाई। उन्होंने सिक्स के साथ फिफ्टी पूरी की।
तीसरा विकेट, रहमत आउट
26 के स्कोर पर अफगानिस्तान टीम का तीसरा विकेट गिरा। रहमत शाह 3 रन बनाकर आउट हुए। अर्शदीप की बॉल पर हर्ष दुबे ने शानदार कैच लिया। यह अर्शदीप का दूसरा विकेट रहा।
दूसरा विकेट, सैदिक आउट
अफगानिस्तान ने 16 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवाया। इस बार अर्शदीप सिंह ने सैदिकुल्लाह अतल को LBW आउट किया। यह बैटर खाता नहीं खोल सका।
हर्ष और बरार का डेब्यू
इस मैच के साथ हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। गुरनूर को शुभमन गिल और हर्ष को केएल राहुल ने डेब्यू कैप दी।
पहला विकेट, जादरान आउट
13 रन पर अफगानिस्तान टीम को पहला झटका लगा। पेसर गुरनूर बरार ने अपने पहले ही ओवर में इब्राहिम जादरान को आउट किया। दूसरे ओवर की पांचवीं बॉल पर जादरान का कैच शुभमन गिल ने लिया। बरार का इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पहला विकेट है।
जादरान और गुरबाज की तेज शुरुआत
अफगानिस्तान की बैटिंग शुरू हो गई है। इब्राहिम जादरान और रहमानुल्लाह गुरबाज ने ओपनिंग में मोर्चा संभाला। पहला ओवर भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने किया, जिसमें 11 रन दिए।
भारतीय प्लेइंग XI:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
अफ़गानिस्तान की प्लेइंग XI:
इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सैदिकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम सफी, एएम गजनफर और जिया उर रहमान शरीफी।
इंडिया ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया।
मैच 25-25 ओवर्स का होगा
बारिश के कारण इस मैच को 25-25 ओवर्स का किया गया है। कोई भी बॉलर 5 से ज्यादा ओवर नहीं कर सकेगा। बैटिंग पावरप्ले 5 ओवर का होगा।
बारिश बंद, थोड़ी देर में टॉस
धर्मशाला में बारिश बंद हो गई है। अंपायर्स ने 5:15 बजे टॉस कराने का फैसला किया है। जबकि मैच 5:45 बजे शुरू होगा। कवर्स हटा लिए गए हैं।
20-20 ओवर के लिए कटऑफ टाइम 6.32 बजे
यदि बारिश बंद होती है तो यह मुकाबला 20-20 ओवर का भी कराया जा सकता है। इसके लिए कटऑफ टाइम 6.32 बजे का है। फिलहाल, बारिश फिर से तेज हो गई है।
एक घंटे बाद भी बारिश नहीं रुकी
मैच शुरू होने में अब करीब एक घंटे से ज्यादा की देरी हो गई है। मुकाबला 1.30 बजे शुरू होना था। बारिश अब धीमी हो गई है, लेकिन रुकी नहीं है। ग्राउंड को कवर्स से पूरी तरह ढका गया है।
बारिश के चलते टॉस में देरी
धर्मशाला में इस समय बारिश हो रही है। इस कारण टॉस में देरी हो रही है। मैच में टॉस दोपहर 1 बजे होना था, लेकिन अब बारिश रुकने के बाद ही होगा।
दोनों टीम के बीच पहली ODI सीरीज
भारतीय टीम और अफगानिस्तान के बीच अब तक सिर्फ 4 ही वनडे मैच खेले गए हैं। इसमें से तीन इंडिया ने जीते और एक मैच टाई रहा था। यानी अफगानिस्तान अब तक भारतीय टीम को वनडे में हरा नहीं सकी है।
इन दोनों टीमों के बीच ODI में अब तक कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई। यह पहली ही सीरीज होगी। पिछले चारों मैच वर्ल्ड कप और एशिया कप में ही खेले गए हैं।
इंडिया Vs अफगानिस्तान हेड-टू-हेड
वनडे: 4
भारत जीता: 3
अफगानिस्तान जीता: 0
टाई: 1
बारिश की आशंका 90%
Accuweather के मुताबिक, धर्मशाला में आज अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की आशंका 90% तक रहेगी। हवाएं 24 km/h की रफ्तार से चलेंगी। ऐसे में मैच होना मुश्किल है।
पिच रिपोर्ट
धर्मशाला की पिच से मैच के शुरुआत में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। यहां कई बार कुछ टीमें वनडे में 200 रन भी नहीं बना पाई हैं। हालांकि एक बार यदि कोई बैटर इस पिच पर टिक जाए तो उसे भी मदद मिलती है। पिच पर एक बार जमने के बाद बल्लेबाज भी रन बना सकते हैं।
यहां पिछला वनडे 2023 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। इस मैच में दोनों टीम के मिलाकर कुल 771 रन बने थे। इस ग्राउंड पर 274 रन हाइएस्ट चेज स्कोर है। यह इसी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चेज किया था।
भारतीय टीम पॉसिबल प्लेइंग-11:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह।
IND Vs AFG पहला वनडे आज
भारतीय टीम इस समय अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज खेल रही है। इसके तहत एक टेस्ट को पारी और 300 रन से जीता था। अब दोनों टीम के बीच 3 वनडे की सीरीज खेली जा रही है। इसका पहला मैच आज धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में दोपहर 1.30 बजे से खेला जाएगा।
धर्मशाला में आज बारिश की आशंका 90% तक है। ऐसे में मैच होना मुश्किल लग रहा है। साथ ही इस मैच के लिए रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या भी फिट नजर आ रहे हैं। यह दोनों पहला वनडे खेल सकते हैं।

