IND Vs UAE मैच से पहले अजय जडेजा नाराज: बोले- बुमराह खेले तो हड़ताल करूंगा, इरफान ने वर्कलोड मैनेजमेंट पर सलाह दी
Published:
3 min read

अजय जडेजा ने 1992 में डेब्यू किया था। बुमराह ने आखिरी बार टी20 मैच 2024 में खेला था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 का दूसरा मैच भारत और UAE के बीच है। जसप्रीत बुमराह प्लेइंग इलेवन में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा इससे बिल्कुल खुश नहीं हैं। उनका कहना है कि अगर बुमराह मैच खेलते हैं तो वो हड़ताल पर चले जाएंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वर्क लोड मैनेजमेंट को लेकर काफी विवाद हुआ था। इसी के चलते उन्होंने लॉर्ड्स और ओवल टेस्ट नहीं खेला था। इसको लेकर काफी बयानबाजी हुई थी।
टी20 वर्ल्ड कप के बाद व्हाइट-बॉल टीम में वापसी
वर्ल्ड कप 2024 के बाद अब एशिया कप से मेन इन ब्लू में वापसी करेंगे बुमराह। पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर रहे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम कंपोजिशन पर काम कर रही है, इसके लिए एशिया कप बहुत अच्छा मौका है।
अजय ने कहा - बुमराह को खेलने की क्या जरूरत है? आमतौर पर तो उसे कॉटन वूल में लपेट कर रखा जाता है। UAE के खिलाफ मैच में बुमराह को खिलाना चाहते हो? बुमराह को या तो पूरी तरह खेलने से बचाओ या इस तरह के मैच में खेलने दो। लॉजिक तो यही कहता है, पर हम लॉजिक के साथ कहां काम करते हैं।
मैच UAE के खिलाफ है। मैं किसी टीम को छोटा या बड़ा नहीं बता रहा। मैंने UAE के कप्तान मोहम्मद वसीम को खेलते देखा है। उनकी काबिलियत को अच्छे से जानता हूं। आप किसी टीम की रैंक नहीं कर सकते, लेकिन यह तो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम है। अगर मैच में बुमराह खेलते हैं तो मैं हड़ताल करूंगा।
सीरीज पूरी खेलना ही असली जिम्मेदारी
इरफान ने कहा - किसी भी खिलाड़ी को वर्क लोड मैनेजमेंट का ख्याल आना नहीं चाहिए। बुमराह को संभालना जरूरी है, मैं समझता हूं। लेकिन यह राय मेरी है। जैसे मैंने इंग्लैंड दौरे पर भी कहा था। आप अगर किसी सीरीज को खेलने के लिए गए हैं, तो उसे पूरी खेलिए। आप सीरीज में रिकवरी या मैनेजमेंट के लिए नहीं आए हैं, आप सीरीज खेलने आए हैं।
पिच सपाट हो तो कुलदीप, ग्रिप दिखे तो शिवम दुबे को दें मौका
इरफान ने आगे कहा - बुमराह, अर्शदीप, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल आपके गेंदबाज के तौर पर खेल सकते हैं। ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे 7 और 8 नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। अगर हमें नंबर 8 तक बैटिंग करनी है, तो कुलदीप यादव को आराम देना चाहिए। अगर आपको 8 नंबर पर बैटिंग नहीं करनी, तो फैसला पिच के हिसाब से लेना पड़ेगा। पिच अगर सपाट है तो कुलदीप पक्का, पिच में ग्रिप है, लगता है फास्ट बॉलर चाहिए तो फिर शिवम दुबे पक्का।
टीम इंडिया की पॉसिबल प्लेइंग XI
शुभमन गिल (वाइस कैप्टन), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह।

