अंडर 19 टेस्ट सीरीज: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 58 रन से हराया, दीपेश देवेंद्र के 8 विकेट, वेदांत त्रिवेदी की सेंचुरी
Published:
2 min read

भारत U19 ने ऑस्ट्रेलिया U19 को पारी और 58 रन से हराया।और दीपेश देवेंद्र के 8 विकेट लिए।(फोटो सोर्स;@TNCACricket)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 को पहले टेस्ट में एक पारी और 58 रन से हरा दिया है। यह टेस्ट ब्रिसबेन में खेला गया। जीत में वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी और दीपेश देवेंद्र का अहम योगदान रहा। 2 मैच की टेस्ट सीरीज में भारत ने 1-0 से लीड बना ली है।
पहली पारी में 243 रन पर ऑलआउट
टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 243 रन बनाए। स्टीवन होगन ने 246 गेंद पर 92 रन बनाए। हालांकि इंडिया के गेंदबाजों ने बाकी बल्लेबाजों को ज्यादा देर क्रीज पर टिकने नहीं दिया। पेसर दीपेश देवेंद्र ने 5 और किशन कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।

इंडिया को 185 की बढ़त
जवाबी पारी में भारत के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 86 बॉल में 113 रन बनाए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 8 छक्के शामिल थे। वेदांत त्रिवेदी ने 140 रन की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 21, खिलान पटेल ने 49 और अभिज्ञान कुंडू ने 26 रन बनाए। इंडिया ने 428 रन बनाकर 185 रनों की लीड हासिल कर ली। हेडन शिलर ने 3 विकेट लिए।

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत
दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खास नहीं रही। ओपनर एलेक्स टर्नर 11 और एलेक्स ली 0 रन पर पवेलियन लौट गए। 50 रन अंदर आधी टीम आउट हो चुकी थी। इसके बाद टीम वापसी नहीं कर सकी। आर्यन शर्मा ने जरूर 44 बाॅल में 43 रनों की इनिंग खेली। इसमें तीन छक्के भी शामिल थे। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मालाजचुक ने 22 और होलिक ने 13 रन बनाए। इंडिया की तरफ दीपेश देवेंद्र ने दूसरी पारी में 3 और खिलान पटेल ने 3 विकेट लिए । अनमोलजीत सिंह को भी 2 विकेट मिले। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम 127 रन पर ऑलआउट हो गई और टीम इंडिया ने मुकाबला पारी और 58 रनों से जीत लिया।
मैच समरी
ऑस्ट्रेलिया U19 – पहली पारी: 243 रन (स्टीवन होगन 92; दीपेश 5/45, किशन 3/48)
भारत U19 – पहली पारी: 428 रन (वेदांत 140, वैभव 113; मालाजचुक 3/70, शिलर 3/88)
ऑस्ट्रेलिया U19 – दूसरी पारी: 127 रन (आर्यन शर्मा 43; दीपेश 3/16, खीलन 3/19)

