भारतीय प्लेयर्स ने नकवी से नहीं लिया मेडल: U19 टीम ने स्टेज भी शेयर नहीं किया; एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान से हारे
Published:
3 min read

अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारतीय टीम को हराकर खिताब जीता। इसके बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने PCB और ACC के चेयरमैन मोहसिन नकवी के हाथों से मेडल नहीं लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल रविवार (21 दिसंबर) को दुबई में खेला गया। इसमें पाकिस्तान ने भारतीय टीम को 191 रन से हराकर खिताब जीता। मुकाबले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी को एक बार फिर शर्मिदा होना पड़ा।
मैच के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने नकवी से मेडल लेने से मना कर दिया। भारतीय टीम ने अपने मेडल ICC के एक अधिकारी से लिए। नकवी ने अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी पाकिस्तान टीम को सौंपी। इसके बाद उन्होंने चैंपियन टीम के साथ तस्वीरें खिंचवाई।
मोहसिन नकवी की बेइज्जती
मोहसिन नकवी प्रेजेंटेशन सेरेमनी का हिस्सा बनने के लिए दुबई पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों को मेडल दिए। उन्होंने पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ को ट्रॉफी सौंपी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पोडियम पर न जाने का फैसला किया। साथ ही मोहसिन नकवी को पूरी तरह से नजरअंदाज भी कर दिया। भारतीय टीम ने अपने मेडल एक दूसरे अधिकारी से लिए।
मेन्स सीनियर एशिया कप में भी ऐसा ही हुआ था
नकवी को नजरअंदाज करने का भारतीय खिलाड़ियों का सिलसिला 2025 के मेन्स सीनियर एशिया कप से शुरू हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। फाइनल में पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से एशिया कप ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। ट्रॉफी अभी भी ACC चीफ नकवी के पास है।
इंडिया को 348 रन का टारगेट
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 8 विकेट पर 347 रन बनाए। ओपनर समीर मिन्हास ने 113 बॉल पर 172 रन बनाए। अहमद हुसैन ने 56 रनों की पारी खेली। उस्मान खान ने 35 और फरहान यूसुफ ने 19 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए दीपेश देवेंद्रन ने 3 विकेट लिए। हेनिल पटेल और खिलान पटेल को 2-2 विकेट मिले। एक सफलता कनिष्क चौहान को मिली।
पाकिस्तान 191 रन से जीता
मैच में पाकिस्तान ने 348 रनों का टारगेट दिया था। इसके जवाब में भारतीय टीम 26.2 ओवर में 156 रन पर ही सिमट गई। इस तरह यह मुकाबला 191 रन से गंवा दिया। टीम इंडिया के लिए बॉलर दीपेश देवेंद्रन ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। जबकि ओपनर वैभव सूर्यवंशी 26 और आरोन जॉर्ज 16 रन ही बना सके। पाकिस्तान के लिए अली रजा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। मोहम्मद सय्याम, हुजैफा अहसान और अब्दुल सुभान को 2-2 विकेट मिले।

