टीम इंडिया कल आयरलैंड रवाना होगी: दंगों के चलते कड़ी सुरक्षा में सीरीज खेलेगी, फिर इंग्लैंड दौरा; यहां फुल स्क्वॉड और शेड्यूल
Published:
3 min read

हाल ही में शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को तीन वनडे की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज 3-0 से जीत ली। अब उसे आयरलैंड और फिर इंग्लैंड दौरे पर व्हाइट बॉल (टी20-वनडे) सीरीज खेलनी है। सबसे पहले आयरलैंड दौरे पर दो टी20 की सीरीज खेलनी है, जिसके लिए भारतीय टीम कल (23 जून) को रवाना होगी।
सबसे बड़ी बात ये है कि यह सीरीज कड़ी सुरक्षा के बीच होगी, क्योंकि हाल ही में बेलफास्ट में दो कम्यूनिटी के बीच दंगे हुए थे। बेलफास्ट में ही दोनों टी20 मैच खेले जाने हैं। क्रिकेट आयरलैंड (CI) ने कन्फर्म कर दिया है कि सुरक्षा एजेंसी की सलाह के बाद मैच कराने का फैसला किया गया है।
दोनों टी20 शेड्यूल के मुताबिक होंगे
सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, इंडिया और आयरलैंड के बीच दोनों टी20 मैच 26 और 28 जून को बेलफास्ट में होंगे। दोनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे से होंगे। इस दौरान यहां कोई भी विरोध प्रदर्शन नहीं है। एजेंसी हर मामले पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। दोनों टीम को कड़ी सुरक्षा दी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर CI ने पुलिस सर्विस ऑफ नॉर्दर्न आयरलैंड (PSNI) से भी बात की है। CI ने कहा- लोगों की सेफ्टी ही हमारी प्रायोरिटी है। हम PSNI, वेन्यू मैनेजमेंट और सिक्योरिटी पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

टीम इंडिया यहां पहली बार टी20 खेलेगी
बेलफास्ट के स्टोर्मोंट स्टेडियम की कैपेसिटी सिर्फ 4,200 है। टीम इंडिया इस स्टेडियम में पहली बार टी20 मैच खेलेगी। इससे पहले भारतीय टीम ने यहां सिर्फ 4 वनडे खेले हैं। सभी मैच 2007 में हुए थे। एक आयरलैंड के खिलाफ खेला और जीता था। जबकि तीन साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले थे, जिसमें से 2 जीते और 1 हारा था।
आयरलैंड के ठीक बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पहुंचेगी। यहां 1 से 19 जुलाई तक 5 टी20 और 3 वनडे की सीरीज होगी। इन तीनों सीरीज के लिए पहले ही भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी चुना गया है। कोहली को फिटनेस साबित करने की शर्त पर चुना है।

आयरलैंड दौरे के लिए टी20 टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय स्क्वॉड
टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश रेड्डी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार।

