गंभीर के कोच रहते बना अनचाहा रिकॉर्ड : इंडिया घर में 53 साल बाद 6 में से 4 टेस्ट हारी; उनकी कोचिंग में 18 में से 7 ही टेस्ट जीते
Published:
2 min read

जब से गौतम गंभीर ने कोच पद संभाला है, तब से टीम इंडिया ने 18 टेस्ट खेले, जिसमें से सिर्फ 7 जीते हैं। (@PTI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। पहले मैच में भारतीय टीम को 30 रन से हार झेलनी पड़ी थी। इसी के साथ गौतम गंभीर की कोचिंग में एक अनचाहा रिकॉर्ड भी बन गया है।
भारतीय टीम अपने घर में 53 साल बाद 6 में से 4 टेस्ट हारी है। इसके अलावा जब से गंभीर ने कोच पद संभाला है, तब से टीम इंडिया ने अब तक 18 टेस्ट खेले, जिसमें से सिर्फ 7 जीते हैं। 9 में हार मिली और दो मुकाबले ड्रॉ रहे।
गंभीर ने 2024 में कोच पद संभाला था
इससे पहले टीम इंडिया ने 1969 से 1972 के बीच 6 में से 4 घरेलू टेस्ट हारे थे। उस दौरान भी एक मैच कोलकाता में हुआ था, जिसमें हार मिली थी। तब 5 मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए थे, जिसमें से 3 हारे थे। एक में जीत मिली और एक ड्रॉ रहा था। तब एक मैच इंग्लैंड से हारे थे। तब यही चौथी हार थी।
इसके बाद सुनील गावस्कर, कपिल देव, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी टीम की कप्तानी संभाली, लेकिन टीम का ऐसा बुरा हाल नहीं हुआ। गंभीर ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद राहुल द्रविड़ की जगह कोच पद संभाला था।
गंभीर के कोच रहते टेस्ट रिकॉर्ड
टेस्ट: 18
हारे: 9
जीते: 7
ड्रॉ: 2
न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से हारे
उनकी कोचिंग में पहली टेस्ट सीरीज बांग्लादेश के खिलाफ 2-0 से जीती थी। इसके ठीक बाद अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से टेस्ट सीरीज गंवाई थी।
अगली घरेलू सीरीज में वेस्टइंडीज को 2-0 से क्लीन स्वीप किया। मगर अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में हार झेलनी पड़ी है। इस तरह भारतीय टीम ने अपने घर में 53 साल बाद 6 में से 4 टेस्ट गंवा दिए और यह अनचाहा रिकॉर्ड बनाया।
घर में दूसरी बार क्लीन स्वीप से हारने का खतरा
यदि भारतीय टीम अगला टेस्ट भी हारती है तो एक और अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी। भारतीय टीम अपने घर में दूसरी बार क्लीन स्वीप से हारेगी। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने ही साल 2000 में 2-0 से हराया था। एक बार फिर यही टीम सामने है।

