टी20 रैंकिंग के हर सेक्शन में भारतीय ही नंबर-1: बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंडर में भारतीय खिलाड़ी टॉप पर; टीम रैंकिंग में भी इंडिया सबसे ऊपर
Published:
2 min read

ICC टी20 रैंकिंग के बैटिंग में अभिषेक शर्मा, ऑलराउंडर्स में हार्दिक पंड्या और बॉलिंग रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती टॉप पोजिशन पर काबिज हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को ताजा टी20 रैंकिंग जारी की है। भारतीय टीम नंबर 1 रैंकिंग पर है। एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद वरुण चक्रवर्ती टी20 बॉलिंग में नंबर-1 रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। टीम इंडिया की रैंकिंग भी नंबर 1 है। ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी एक फॉर्मेट में टीम और उसके खिलाड़ी (बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंडर) नंबर 1 पोजिशन पर हैं।
बैटर्स की लिस्ट में अभिषेक शर्मा पहले ही अपने कॅरियर की बेस्ट रैंकिंग के साथ नंबर 1 पर बने हैं। ऑलराउंडर में भी हार्दिक पंड्या नंबर 1 पर हैं। टीम रैंकिंग की बात करें तो भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल की ICC रैंकिंग में नंबर 1 पर है।
वरुण चक्रवर्ती नंबर 1 बॉलर
वरुण ने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन किया। UAE के खिलाफ पहले मैच में वरुण ने 4 रन देकर एक विकेट लिया। दूसरे मैच में पाकिस्तान के खिलाफ चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया था। इस परफॉर्मेंस के बदौलत वह ICC की रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी पहले नंबर पर थे।
बैटिंग रैंकिंग में अभिषेक बरकरार
बैटिंग रैंकिंग की बात करें तो अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल में ICC की रैंकिंग में नंबर 1 पर कब्जा जमाए बैठे हैं। उन्होंने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 31 और UAE के खिलाफ 30 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे नंबर पर हैं और तीसरे नंबर पर जोस बटलर हैं। भारत के तिलक वर्मा को दो पायदान का नुकसान हुआ है।
ऑलराउंडर में हार्दिक नंबर 1 पर
हार्दिक पंड्या ICC की टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर की रैंकिंग में पहले नंबर पर धाक जमाए बैठे हैं। दूसरे नंबर पर अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी हैं। अक्षर पटेल को भी एक पायदान का फायदा हुआ है और वे 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के सईम अयूब को भी 4 पायदान का फायदा हुआ।

