टी20 वर्ल्ड कप 2026 का लेटेस्ट अपडेट: अहमदाबाद में हो सकता है फाइनल, पाकिस्तान पहुंची तो वेन्यू चेंज होगा
Published:
3 min read

नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। इसमें 1,32,000 दर्शक बैठ सकते हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में हो सकता है। अगर पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंचती है तो वेन्यू बदला जा सकता है। ऐसी स्थिति में फाइनल का वेन्यू कोलंबो होगा। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है।
दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड मिलकर अगला टी20 वर्ल्ड कप होस्ट कर रहे हैं। भारत के सभी मुकाबले भारतीय मैदानों पर ही होंगे और पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका के क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे। अगर भारत-पाकिस्तान का आमना-सामना होता है तो यह मुकाबला भी श्रीलंका में ही खेला जाएगा।
ऐसा इसलिए क्योंकि हाल ही में पाकिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी होस्ट की थी लेकिन भारत ने पाकिस्तानी मैदानों पर क्रिकेट खेलने से साफ इनकार कर दिया था। ऐसे में भारत के सभी मैच दुबई में आयोजित किए गए थे। BCCI के इस रूख के चलते ही पाकिस्तान ने भी भारत में क्रिकेट खेलने से इनकार कर दिया है। यही कारण है कि पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेले जाएंगे।
कितनी टीमें हिस्सा लेंगी?
10वें टी20 वर्ल्ड की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इसका फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। इसमें 20 टीम हिस्सा लेंगी। फिलहाल केवल 15 टीम ने क्वालीफाई किया हैं। इनमें भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स और इटली शामिल हैं। इटली पहली बार वर्ल्ड कप खेलेगी। बाकी पांच टीमों में से दो टीम अफ्रीका से होंगी। बाकी तीन टीम एशिया और ईस्ट एशिया पैसिफिक से क्वालिफाई करेंगी।
कैसा होगा वर्ल्ड कप 2026 का फॉर्मेट?
2026 वर्ल्ड कप भी उसी फॉर्मेट में होगा जिस फॉर्मेट में 2024 का वर्ल्ड कप हुआ। 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर-4 राउंड में खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।
4 बड़े इवेंट होस्ट करेगी BCCI
2026 की शुरुआत BCCI के लिए बहुत व्यस्त रहने वाली है। जनवरी-फरवरी में विमिंस प्रीमियर लीग (WPL) होगी। इसी समय टीम इंडिया 11 से 31 जनवरी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI और टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन 15 मार्च से 31 मई तक कराने का प्लान है।

