एशिया कप- 2025 का अब तक का बेस्ट मैच: एनालिसिस: मिडिल ऑर्डर टेस्टेड OK; सूर्या के फॉर्म और टीम की फील्डिंग पर अब भी सवाल
Published:
5 min read

भारत ने सुपर-4 स्टेज के आखिरी मैच में श्रीलंका को सुपर ओवर में हरा दिया। फोटो क्रेडिट- सोनी लिव।
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत ने सुपर-4 स्टेज के आखिरी मैच में श्रीलंका को हरा दिया। टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिहाज से इस मैच का कोई मतलब नहीं था। भारत पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है। श्रीलंकन टीम रेस से पहले ही बाहर थी। हालांकि, शुक्रवार रात खेला गया मैच सुपर ओवर तक जा पहुंचा।
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 202 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका की टीम ने भी इतने ही रन बनाए। मैच टाई हो गया। बाद में सुपर ओवर में भारत की जीत हुई। एक तरह से जिस मैच का कोई मतलब नहीं था, वो एशिया कप-2025 का बेस्ट मैच बन गया।
मिडिल ऑर्डर टेस्टेड, लेकिन सूर्या अब भी फ्लॉप
श्रीलंका ने टॉस जीतकर भारत को बैटिंग दी। इस एशिया कप में भारतीय टीम ने पहली बार 200 रनों का स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 61 रन बनाए। इसके लिए सिर्फ 31 गेंदों का इस्तेमाल किया।
शुभमन गिल ज्यादा कुछ नहीं कर सके और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव का खराब फॉर्म जारी रहा। उन्होंने 13 बॉल में 12 रन बनाए। इस एशिया कप में एक मैच छोड़ दें, तो उनका बल्ला खामोश रहा है।
मिडिल ऑर्डर में संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने अच्छी बैटिंग की। तिलक ने 144 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 49 रन बनाए। वहीं, संजू सैमसन ने 169 की स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाए। इस तरह टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 202 रनों का टोटल खड़ा किया।
जीत की तरफ बढ़ रही थी श्रीलंकाई टीम
जवाब में उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में कुशल मेडिंस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें हार्दिक पंड्या ने आउट किया। हालांकि, इसके बाद श्रीलंका ने वो बल्लेबाजी की, जो उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में नहीं की थी। दूसरे विकेट के लिए निशंका और कुशल परेरा के बीच 127 रनों की साझेदारी हुई। पथुम निशंका ने इस एशिया कप में पहली सेंचुरी लगाई। उन्होंने 107 रन की पारी खेली।
श्रीलंकन टीम बहुत तेजी से टोटल की तरफ बढ़ रही थी। तभी वरुण चक्रवर्ती ने 13वें ओवर में कुशल परेरा को स्टंप करा दिया। इस साझेदारी के टूटते ही श्रीलंकाई टीम बिखरने लगी।16वें ओवर में उनका तीसरा विकेट गिरा। हालांकि, उन्होंने रनों की रफ्तार बनाए रखी।
लास्ट ओवर में श्रीलंका को जीतने के लिए 12 रन चाहिए था। शतक लगा चुके निशंका स्ट्राइक पर थे। बॉल हर्षित राणा के पास थी। राणा इस मैच में काफी महंगे साबित हो चुके थे। लेकिन, उन्होंने अंतिम ओवर की पहली बॉल पर ही निशंका को आउट कर दिया। हालांकि, टीम इंडिया की फील्डिंग में लापरवाही के चलते श्रीलंका इस मैच को टाई कराने में सफल रहा।
सुपर ओवर में जीत
अंत में सुपर ओवर हुआ। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह के हाथ में बॉल थी। उन्होंने पहले ही बॉल पर विकेट ले लिया। पांचवीं बॉल तक सिर्फ 2 रन बने। छठी बॉल पर दूसरा विकेट भी गिर गया। जाहिर है कि सुपर ओवर में 2 ही विकेट का रुल होता है। इस तरह भारत को सुपर ओवर में सिर्फ 3 रन का लक्ष्य मिला। भारत की तरफ से सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल क्रीज पर आए। सूर्या ने पहले ही बॉल पर 3 रन बना लिए। भारत ने इस रोमांचक मैच को अपने नाम कर लिया।
भारत के लिए पॉजिटिव साइन
इस मैच में भारत का मिडिल ऑर्डर टेस्ट हुआ। तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने 66 रनों की साझेदारी की। इसके बाद अक्षर पटेल और तिलक के बीच भी 23 बॉल में 40 रनों की पार्टनरशिप हुई। अंत के 5 ओवर्स में टीम इंडिया ने 52 रन मारे। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच से पहले यह टीम इंडिया के लिए अच्छा साइन है।
बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में यहीं पर टीम लैक कर गई थी। ओपनर्स के सॉलिड स्टार्ट देने के बावजूद टीम 168 रन ही बना पाई थी। हालांकि, शानदार बॉलिंग की बदौलत भारत ने फिर भी वो मैच जीत लिया था।
खराब फील्डिंग अभी भी चिंता का विषय
भारत की फील्डिंग अभी भी चिंता का विषय है। कल खेले गए मैच में टीम इंडिया ने कैच तो नहीं छोड़े, लेकिन फील्डिंग में कई बार फंबल किया। मतलब बॉल कई बार हाथ में आकर छूटती जा रही थी। टी-20 क्रिकेट में जहां हर रन कीमती होता है, वहां ऐसी फील्डिंग की गलतियां मैच हाथ से निकलवा देती हैं।
इस मैच का ही उदाहरण लीजिए। हर्षित राणा की आखिरी बॉल पर शनाका ने 2 रन ले लिए, जबकि कायदे से वो एक रन ही होना चाहिए था। बॉल अक्षर पटेल के पास पहुंची, लेकिन उन्होंने थ्रो करने में काफी टाइम लगा दिया। गेंद उनके हाथ से छिटक गई थी। ये तो भला हो श्रीलंकाई बैटर्स का। वे आराम से तीन रन लेकर मैच जीत सकते थे, लेकिन उनका भी प्रजेंस ऑफ माइंड काम नहीं किया। वे दो रन लेने के बाद रुक गए। इसकी वजह से दोनों टीमों का स्कोर लेवल हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में टीम इंडिया की जीत हुई।

