T20 World Cup के लिए टीम इंडिया का ऐलान आज: न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भी टीम घोषित होगी, गिल को मौका मिलना संभव
Published:
3 min read

T20 वर्ल्ड कप 2026 फरवरी-मार्च में इंडिया और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। (फोटो क्रेडिट -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) मुंबई में आज (20 दिसंबर) T20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए टीम की घोषणा करेगा। BCCI हेडक्वार्टर में मीटिंग के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर मौजूद रहेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। वर्कलोड मैनेज करने के लिए उन्हें आराम दिया जाएगा। हालांकि वे टी20 सीरीज खेलते नजर आएंगे। जबकि खराब फॉर्म से जूझ रहे और चोटिल शुभमन गिल को वर्ल्ड कप टीम में जगह मिल सकती है।
क्या है न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल?
भारतीय टीम साल 2026 की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से करेगी, जो जनवरी में ही होगी। दोनों टीम के बीच 3 वनडे और 5 T20I की सीरीज होगी। पहले वनडे सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 11 जनवरी, 14 जनवरी और 18 जनवरी को वडोदरा, राजकोट और इंदौर में होंगे।
21 से 31 जनवरी के बीच 5 टी20 की सीरीज होगी। इसकी शुरुआत नागपुर से होगी। दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 25 जनवरी को गुवाहाटी में होना तय है। 28 जनवरी को वाइजैग में चौथा T20 होगा । 31 जनवरी को आखिरी T20 तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
T20 वर्ल्ड कप कब से खेला जाएगा?
T20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
इसी दौरान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने T20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद टीम में काफी बदलाव आए हैं। इस बार भारतीय टीम पहली बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में यह टूर्नामेंट खेलेगी। वर्ल्ड कप टीम में शुभमन गिल की जगह पक्की मानी जा रही है। उन्हें उप-कप्तान बनाया जा सकता है।
सिलेक्टर्स के सामने कई सवाल
टीम अनाउंसमेंट से पहले सिलेक्टर्स के सामने कई अहम चिंताएं हैं। सबसे बड़ी चुनौती कप्तान सूर्या और गिल की खराब फॉर्म है। गिल ने एशिया कप 2025 के बाद से सिर्फ तीन बार 30 रन का आंकड़ा पार किया है।
इसके अलावा मिडिल ऑर्डर में जगह के लिए संजू सैमसन और जितेश शर्मा के बीच मुकाबला होना है। इस वजह से सिलेक्टर्स के लिए मामला और भी मुश्किल हो गया है। घरेलू जमीन पर वर्ल्ड कप खेलने से भारतीय टीम पर अपना टाइटल बचाने का दबाव होगा।
सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय पॉसिबल टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर।

