सिडनी वनडे के लिए पॉसिबल प्लेइंग-11: भारतीय टीम में 2 बदलाव संभव, सुंदर और हर्षित की जगह कुलदीप-कृष्णा को मौका मिल सकता है
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में कुलदीप यादव का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 7 मैचों में कुल 17 विकेट चटकाए। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में दो बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वॉशिंगटन सुंदर की जगह कुलदीप यादव और हर्षित राणा की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में जगह मिल सकती है।
भारतीय टीम सीरीज के शुरुआती दो मैच हारकर सीरीज पहले ही गंवा चुकी है। पर्थ में हुए पहले मैच में 7 विकेट और एडिलेड में हुए दूसरे मुकाबले में उसे 2 विकेट से शिकस्त मिली थी। दोनों ही मैचों में टीम इंडिया ने एक जैसी प्लेइंग इलेवन उतारी थी। टीम का यह फैसला असरदार साबित नहीं हो पाया। ऐसे में अब आखिरी मुकाबले में बदलाव नजर आ सकते हैं।
सुंदर की जगह कुलदीप को मौका
कुलदीप यादव शुरुआती दोनों मुकाबलों में बाहर थे। अब उन्हें तीसरे वनडे में जगह मिल सकती है। कुलदीप ने हाल ही में टी20 और टेस्ट में जोरदार गेंदबाजी की थी। टी20 एशिया कप में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने 12 विकेट चटकाए। सिडनी में होने वाले इस मैच में वे भारत के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं। कुलदीप को टीम में शामिल करने के लिए वॉशिंगटन सुंदर को टीम से बाहर करना पड़ सकता है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों ही मैच में उन्होंने कुछ खास परफॉर्मेंस नहीं दिखाई है। सुंदर ने केवल 3 विकेट ही लिए और 22 रन बनाए हैं।
हर्षित की जगह प्रसिद्ध
हर्षित राणा ने दोनों मैचों में कोई खास प्रदर्शन नहीं किया है। राणा ने दूसरे वनडे में 24 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन गेंदबाजी में महंगे साबित हुए। दोनों मैचों में वह केवल 2 ही विकेट ले सके। ऐसे में टीम मैनेजमेंट आखिरी वनडे में बेंच पर बैठे प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में जगह दे सकते हैं।
विराट टीम में बरकरार रहेंगे
विराट कोहली पिछले दो मैचों में शून्य पर पवेलियन लौटे हैं। इसके बावजूद उनका प्लेइंग-11 में बने रहना लगभग तय है। ऐसा इसलिए क्योंकि लंबे अरसे बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी हुई है। ऐसे में टीम मैनजमेंट का उन्हें महज दो मैचों की परफॉर्मेंस पर बाहर करना मुश्किल नजर आता है। उधर, रोहित शर्मा ने दूसरे वनडे में 73 रन की पारी खेली थी। इस पारी ने साबित कर दिया कि उनका फॉर्म अभी भी बरकरार है।
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11
शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।

