इंडिया Vs इंग्लैंड ओवल टेस्ट आज से: अर्शदीप का टेस्ट डेब्यू हो सकता है; बुमराह-पंत बाहर, जुरेल-कुलदीप के खेलने की उम्मीद
Published: Updated:
3 min read

तेज गेंदबाज आकाश दीप ने इस सीरीज में 2 टेस्ट खेले, जिसमें 11 विकेट लिए हैं। (BCCI)
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज का आखिरी मुकाबला आज (31 जुलाई) से द ओवल में खेला जाएगा। मैच के लिए भारतीय प्लेइंग 11 में चार बड़े बदलाव हो सकते हैं। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का टेस्ट डेब्यू हो सकता है। फिलहाल, इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है।
दरअसल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर ऋषभ पंत पहले ही बाहर हो गए हैं। पिछले टेस्ट में शार्दुल ठाकुर और अंशुल कम्बोज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। ऐसे में यह दोनों भी टीम से बाहर हो सकते हैं।
3 स्पिनर और 3 तेज गेंदबाज हो सकते हैं
पंत की जगह बतौर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को प्लेइंग-11 में मौका दिया जा सकता है। तेज गेंदबाज आकाश दीप और अर्शदीप के अलावा स्पिनर कुलदीप यादव को भी टीम में जगह मिल सकती है।
स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर पहले से प्लेइंग-11 में हैं। दोनों ने चौथे टेस्ट में शतक लगाया है। ऐसे में उन्हें बाहर करना मुश्किल है। इस तरह पांचवें टेस्ट में भारतीय टीम 3 स्पिनर और 3 तेज गेंदबाज के साथ उतर सकती है। आकाश-अर्शदीप के साथ तीसरे पेसर मोहम्मद सिराज रहेंगे।
Ben Stokes will miss out on the final Test of the series with a right shoulder injury ❌
— England Cricket (@englandcricket) July 30, 2025
And we've made four changes to our side 👇
इंग्लैंड की प्लेइंग 11 में 4 बदलाव, स्टोक्स बाहर
इंग्लैंड ने पहले ही प्लेइंग-11 जारी कर दी है। इसमें 4 बड़े बदलाव हुए। कंधे में चोट के कारण कप्तान बेन स्टोक्स मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ओली पोप कमान संभालेंगे। इसके अलावा तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स के साथ स्पिनर लियाम डॉसन को भी बाहर कर दिया गया।
उनकी जगह इंग्लैंड ने जैकब बेथेल को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। बेथेल छठे नंबर पर बैटिंग करेंगे। जबकि नॉटिंघमशायर के तेज गेंदबाज जोश टंग एक बार फिर प्लेइंग-11 में जगह मिली है। सरे के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन और जेमी ओवर्टन को भी टीम में जगह मिली है।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव।
इंग्लैंड की प्लेइंग 11:
जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जोश टंग।

