एशिया कप 2025-3082: दुबई में भारत-पाकिस्तान प्लेयर्स मिले, लेकिन दुआ सलाम नहीं हुई; टीम इंडिया का ब्रोंको टेस्ट पूरा
Published:
2 min read

एशिया कप में सूर्यकुमार यादव कप्तान और शुभमन गिल उपकप्तान हैं। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम ने दुबई पहुंचकर नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी है। पाकिस्तानी टीम ICC एकेडमी में ट्रेनिंग कर रही है। इस दौरान कई बार दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आए, लेकिन बातचीत नहीं हुई। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, ट्रेनिंग के दौरान भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने एक दूसरे को इग्नोर किया।
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान से तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE शिफ्ट कर दिया गया।
पाकिस्तानी टीम की प्रैक्टिस
दुबई में ही भारतीय खिलाड़ियों का ब्रोंको टेस्ट भी हुआ। 15 सदस्यीय टीम को 3 ग्रुप में बांटकर यह टेस्ट किया गया। इस दौरान ट्रेनर एड्रियन ली रॉक्स रहे, जबकि सितांशु कोटक स्कोरिंग करते दिखे। हेड कोच गौतम गंभीर ने सभी को चीयर किया।
पाकिस्तानी टीम ने नेट एरिया के एक कोने में जाकर प्रैक्टिस की। उन्होंने टर्न और असमान उछाल वाली पिच पर प्रैक्टिस की। ICC एकेडमी में हर तरह की पिच हैं। इसमें करीब 40 पिच ऐसी हैं, जो एशियाई कंडीशन के हिसाब से स्पिन के लिए मददगार मानी जाती हैं।
भारतीय टीम नई जर्सी लॉन्च हुई
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम नई जर्सी के साथ उतरेगी। बतौर स्पॉन्सर ड्रीम-11 के हटने के बाद टीम इंडिया पहली बार नई जर्सी में दिखी है। यह जर्सी BCCI सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लॉन्च की। वीडियो में सभी 15 प्लेयर नजर आ रहे हैं।
क्या है ब्रोंको टेस्ट?
ब्रोंको टेस्ट रग्बी प्लेयर्स के लिए मेंडेटरी है। अब इसे टीम इंडिया के लिए भी अमल में लाया जा रहा है। इस टेस्ट में खिलाड़ी को 20 मीटर, 40 मीटर और 60 मीटर रनिंग करनी होती है। ये तीनों मिलाकर एक सेट बनता है। प्लेयर को ऐसे 5 सेट लगातार यानी बिना रुके दौड़ने होते हैं। कुल मिलाकर 1200 मीटर की रनिंग होती है। इसे 6 मिनट में पूरा करना होता है।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

