भारत-PAK मैच को लेकर कहीं विरोध तो कहीं समर्थन: दिल्ली-लखनऊ में BCCI का पुतला जलाया; वाराणसी में भारत की जीत के लिए हवन
Published:
4 min read

काशी में लोगों ने इंडिया की जीत के लिए यज्ञ का आयोजन किया। वहीं, लखनऊ में मैच के विरोध में पुतला फूंका गया।
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान आज पहली बार क्रिकेट के मैदान पर भिड़ेंगे। इस मैच को लेकर काफी विवाद है। लोग मैच को रद्द करने की बात कर रहे हैं। हालांकि, इससे इतर कुछ अलग तस्वीरें भी आई हैं। देश के कई हिस्सों से लोग भारत की जीत के लिए हवन भी कर रहे हैं।
देश के अलग-अलग हिस्सों में जीत के लिए हवन
वाराणसी में भारत की जीत के लिए विशेष पूजा कराई गई। काशी के राजेंद्र प्रसाद घाट पर हाथों में तिरंगा और भारतीय खिलाड़ियों की फोटो लिए गंगा आरती की गई। फैंस ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच मैच खेला जा रहा है। मैदान-ए-जंग हो या खेल का मैदान, भारत ने हमेशा पाकिस्तान को धूल चटाई है।
हमें पूरी उम्मीद है कि भारत इस मैच को जीतेगा। हम भारत की जीत के लिए भगवान शिव और मां गंगा से प्रार्थना करते हैं। हमें कप्तान सूर्यकुमार यादव से बहुत सारी उम्मीदें हैं और भारत ही इस खिताब को अपने नाम करेगा।

तुम्हारी बेटी मर जाती, तब भी मैच खेलते
देश के कई हिस्सों में मैच को लेकर विरोध भी हो रहा है। AIMIM प्रमुख ओवैसी ने कहा- पहलगाम में मजहब के नाम पर 26 लोगों को मार दिया गया। तुम में इतनी ताकत नहीं है कि तुम इस मैच को न खेलो। तुम्हारी बेटी मर जाती तो तब भी खेलते क्या। मैच से कितने पैसे आएंगे। 600-700 करोड़। क्या पैसों की कीमत जान से ज्यादा है। जब देश के प्रधानमंत्री खुद कहते हैं कि खून और पानी साथ नहीं बह सकता, तो क्रिकेट मैच क्यों हो रहा है?

क्या ट्रम्प के ही दबाव में मैच कराया जा रहा
वहीं, अरविंद केजरीवाल ने कहा- प्रधानमंत्री जी, पाकिस्तान से मैच कराने की क्या जरूरत है? कई लोग इसका विरोध कर रहे हैं कि मैच नहीं होना चाहिए, तो फिर ये मैच क्यों करवाया जा रहा है? क्या यह मैच भी ट्रम्प के दबाव में आकर किया जा रहा है?

शिवसेना (UBT) PM को सिंदूर भेजेगी
उद्धव ठाकरे ने कहा- युद्ध और क्रिकेट एक साथ कैसे हो सकते हैं? उन्होंने (सरकार) देशभक्ति का व्यापार किया है। वे मैच देखने भी जाएंगे, क्योंकि उन्हें उस मैच से मिलने वाला सारा पैसा चाहिए। शिवसेना की महिला कार्यकर्ताएं सड़क पर उतरकर इसका विरोध करेंगी और वे हर घर से PM मोदी को सिंदूर भेजेंगी।
उधर, दिल्ली और लखनऊ में लोगों ने विरोध जताते हुए पाकिस्तान और BCCI का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन के दौरान टीवी सेट तोड़ दिया।

मैच को लेकर BJP नेताओं ने क्या कहा, ये भी पढ़िए
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा- दोनों मुद्दे अलग हैं। जहां तक इंडिया-पाकिस्तान मैच और ऑपरेशन सिंदूर की बात है, तो कोई भी सिर्फ तुलना करके यह नहीं कहेगा कि मैच नहीं होगा। खेल भावना अलग होती है। खिलाड़ियों ने भी इसके लिए मेहनत की है, इसलिए इसका विरोध करना सही नहीं है। जो फैसला लिया है, सोच-समझकर लिया है।
दिल्ली से BJP सांसद मनोज तिवारी बोले- कुछ नियम हैं, जिनका पालन जरूरी है। भारत, पाकिस्तान की धरती पर नहीं खेलेगा लेकिन ICC टूर्नामेंट में भाग ले सकता है। उन्होंने वर्ल्ड कप भी खेला था। इंटरनेशनल मैच के कुछ रूल्स होते हैं, जिनका पालन करना पड़ता है।
वहीं, सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा- जब ACC या ICC मल्टीनेशनल टूर्नामेंट कराती है, तो उसमें खेलना मजबूरी हो जाती है। भाग नहीं लेंगे, तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। उन्हें मैच छोड़ना पड़ेगा और पॉइंट्स दूसरी टीम को मिल जाएंगे। हालांकि, ये पहले ही डिसाइडेड है कि भारत-पाकिस्तान के साथ कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलेगा।

