एशिया कप में भारत-PAK मैच पर रोक से इनकार: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- संडे को मैच है, इसे होने दीजिए
Published:
2 min read

एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होने वाला है। इस पर रोक लगवाने के लिए एक पिटीशन सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी।( फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होने वाला है। इस पर रोक लगवाने के लिए एक पिटीशन सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई थी।
गुरुवार को जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई की बेंच ने इस पर सुनवाई की। बाद में याचिका खारिज कर दी। बेंच ने कहा- रविवार को मैच है। अब क्या किया जा सकता है। इसे होने दीजिए।
पिटीशन में क्या था?
पिटीशन 4 लॉ स्टूडेंट्स ने दायर की थी। इसमें कहा गया था- हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले और इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर हुआ। ऐसे में पाकिस्तान से क्रिकेट मैच देश की भावनाओं और सैनिकों के बलिदान का अपमान है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पिटीशन इसे खारिज कर दिया। जस्टिस माहेश्वरी और जस्टिस बिश्नोई की बेंच ने कहा- मैच तो रविवार को है, अब क्या हो सकता है? इसे होने दीजिए।

देश की भावना को ठेस पहुंचेगी
पिटीशनर का कहना है कि 22 अप्रैल को पहलगाम टेरेरिस्ट अटैक और इसके बाद भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर के बाद मैच होना देश की गरिमा के खिलाफ है। हमारे जवान शहीद हो रहे हैं, बेगुनाह लोगों को मारा जा रहा है। इस मैच से गलत मैसेज कन्वे होगा। शहीद जवानों की फैमिलीज के इमोशन भी हर्ट होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया कि इतने कम वक्त में इस तरह के मामलों पर रोक लगाना संभव नहीं है। इसलिए मैच होने दिया जाए।
पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को पाकिस्तान से आए आतंकियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था। इसमें 26 पर्यटकों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। ये ठिकाने जैश और लश्कर समेत अन्य आतंकी संगठनों के थे। यहीं से भारत पर हमले की साजिश की जाती थी।
भारत के हमले के बाद पाकिस्तान बौखला गया। उसने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, भारत ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। 10 मई को भारत ने पाकिस्तान के नूर खान समेत कई एयरबेस पर हमला किया और इन्हें तबाह कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत से सीजफायर की गुहार लगाई।


