गौतम गंभीर ने दिया था ‘नो हैंडशेक’ का ऑर्डर: रिपोर्ट- हेड कोच ने प्लेयर्स से कहा- पाकिस्तानियों के मुंह लगने की जरूरत नहीं, जीतो और खेल खत्म
Published:
4 min read

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने मैच से पहले प्लेयर्स को सख्त हिदायत दी थी। फाइल फोटो।
एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को जीत के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए थे। अब यह विवाद बड़ा रूप ले चुका है। इसको लेकर तमाम बयानबाजी भी जारी है। अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने का फैसला हेड कोच गौतम गंभीर का था। गंभीर ने ही प्लेयर्स को ऐसा करने का ऑर्डर दिया था।
सोशल मीडिया से दूर रहो..
‘टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी टीम से हाथ न मिलाने का फैसला अचानक नहीं लिया गया। टीम इंडिया इसके जरिए दुनिया तक यह मैसेज पहुंचाना चाहती थी कि वो हर कदम पर देश के साथ है।
बायकॉट की बात ड्रेसिंग रूम में हुई थी
रिपोर्ट के मुताबिक- लंबे वक्त से इस मैच के बायकॉट की चर्चा चल रही थी। टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में भी यह मुद्दा उठा था। इस बारे में कप्तान सूर्य कुमार यादव ने कोच गौतम गंभीर और सपोर्ट स्टाफ से बातचीत की थी। कहा जाता है कि इसके बाद गंभीर ने टीम से कहा था कि वो सोशल मीडिया से दूर रहें और सिर्फ मैच पर फोकस करें।
रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर ने प्लेयर्स से कहा था- सोशल मीडिया से दूर रहो। सिर्फ मैच और जीतने पर फोकस करो। बाहर की बातें सुनने की कोई जरूरत नहीं है। आपका काम सिर्फ देश के लिए खेलना और जीतना है। मैदान पर जाओ और अपना बेस्ट परफॉर्मेंस दो।

ब्रॉडकास्टर से भी बातचीत
मैच के बाद गंभीर ने इस मैच की ब्रॉडकास्टिंग टीम से भी मुलाकात की थी। उन्होंने भी वही कहा जो कप्तान यादव ने कहा था। हैंडशेक न करने के फैसले का समर्थन किया था। गौतम ने कहा था- बहुत अच्छी जीत मिली। इस टूर्नामेंट में अब भी काफी मैच हैं। ये मैच हमारे लिए अहम था। पहलगाम टेरेरिस्ट अटैक में हमारे देश हमारे परिवार के लोग मारे गए थे। हम उनके साथ हैं। भारतीय सेना को आत्मिक धन्यवाद कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमें न्याय दिलाया। हम अपने देश को गर्व और खुशी एक साथ देना चाहते हैं।
इस कन्ट्रोवर्सी की ब्रीफ समरी
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
अब पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।
मैच रेफरी का रोल
पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद अकरम चीमा मैच के बाद प्लेयर्स को लेकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के पास पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत दी। कहा- टीम इंडिया ने हमारे प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। यह खेल भावना के खिलाफ है।
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट में पाकिस्तान की तरफ से दर्ज शिकायत की पुष्टि की गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इस बारे में एक स्टेटमेंट भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि मैच रेफरी ने टॉस के पहले ही पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को बता दिया था कि वो सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने की कोशिश नहीं करेंगे।
उधर, टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल ने सोशल मीडिया पोस्ट किया। इसमें उन्होंने पाकिस्तान पर मिली जीत पहलगाम हमले में मारे गए लोगों और आर्म्ड फोर्सेस को डेडिकेट किया।


***

