टीम इंडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज: पाकिस्तान ने कहा- इंडियन प्लेयर्स ने ड्रेसिंग रूम का गेट बंद किया, ताकि PAK प्लेयर्स से हाथ न मिलाना पड़े
Published:
4 min read

क्रेडिट- सोनी लिव।
स्पोर्ट्स डेस्क: एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार रात भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए।
इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े। अब पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई है। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।
मैच रेफरी के पास पहुंची पाकिस्तान टीम
पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद अकरम चीमा मैच के बाद प्लेयर्स को लेकर मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के पास पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत दी। कहा- टीम इंडिया ने हमारे प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। यह खेल भावना के खिलाफ है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट में पाकिस्तान की तरफ से दर्ज शिकायत की पुष्टि की गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से इस बारे में एक स्टेटमेंट भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि मैच रेफरी ने टॉस के पहले ही पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को बता दिया था कि वो सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने की कोशिश नहीं करेंगे।
मैच के बाद क्या होगा, नहीं बताया
रिपोर्ट के मुताबिक- टॉस के वक्त तो हाथ न मिलाने की बात तय हो गई थी, लेकिन मैच के बाद क्या होगा, इस बारे में तस्वीर साफ नहीं थी। इस मैच में एक विवाद तब भी हुआ जब मैच के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर से बातचीत के लिए नहीं पहुंचे। तकनीकी तौर पर इसे पोस्ट मैच प्रजेंटेशन कहा जाता है।
कहा जाता है कि कमेंटेटर संजय मांजरेकर उनका इंतजार ही करते रहे। बताया जाता है कि पाकिस्तान टीम इस बात से नाराज थी कि एक तो भारतीय खिलाड़ियों ने उनसे हैंडशेक नहीं किया और इसके बाद पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में भी एक भारतीय को होस्टिंग का मौका दिया।
सलमान ने विरोध किया था
रिपोर्ट के मुताबिक- सलमान ने मैच के दौरान ही तय कर लिया था कि वो पोस्ट मैच इंटरव्यू नहीं देंगे। इसकी वजह उन्होंने टीम इंडिया का ‘अनप्रोफेश्नल एटीट्यूड’ यानी गैर पेशेवर रवैया बताया था। टॉस के वक्त सूर्या और सलमान ने आंखें तक नहीं मिलाईं। दोनों काफी दूर खड़े थे। कहा जा रहा है कि सूर्या ने UAE के कैप्टन मोहम्मद वसीम से भी हैंडशेक नहीं किया था, क्योंकि वो पाकिस्तानी मूल के हैं।
कल के मैच में सूर्या ने ही सिक्सर लगाकर इंडिया को जीत दिलाई थी। इसके बाद वो शिवम दुबे के साथ सीधे ड्रेसिंग रूम में पहुंचे। हालांकि, जो तस्वीरें सामने आईं, उनसे ये भी साफ होता है कि पाकिस्तान प्लेयर्स भी ग्राउंड पर इंडियन प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाना चाहते थे।
लाइनअप भी नहीं हुईं दोनों टीम
मैच के बाद दोनों टीमों के प्लेयर्स लाइनअप होकर हाथ मिलाते हैं। इस बार यह भी नहीं हुआ। हालांकि, पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन और कप्तान आगा टीम के साथ लाइनअप होकर टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम तक पहुंचे। इसी दौरान टीम इंडिया के मैनेजमेंट ने ड्रेसिंग रूम का गेट बंद कर लिया। इससे पाकिस्तान के कोच जबरदस्त गुस्से में दिखे। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हमारे प्लेयर्स तो उनके ड्रेसिंग रूम तक गए। हम हाथ मिलाना चाहते थे।
दूसरी तरफ सूर्यकुमार यादव ने पाक पर मिली जीत पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को समर्पित की है। यादव ने मैच के बाद कहा- हम ये जीत अपने सैनिकों और पहलगाम हमले में मारे गए अपने नागरिकों को समर्पित करते हैं।
22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले में हमारे 26 नागरिकों की पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में मौजूद कई आतंकी पनाहगाहों को तबाह कर दिया था। इतना ही नहीं पाकिस्तान एयरफोर्स के ऑपरेशनल बेस भी खत्म कर दिए गए थे।
मैच रेफरी के खिलाफ पाकिस्तान की शिकायत
भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट की शिकायत की गई है। PCB ने आरोप लगाया कि मैच रेफरी ने ICC के नियम तोड़े हैं। उन्हें एशिया कप के बाकी मैचों से हटा दिया जाए।

