IND Vs PAK मैच से पहले कपिल देव का बयान: क्रिकेट को सियासत से दूर रखें, खेलने गए हैं- खेल पर फोकस कीजिए; SC का मैच रोकने से इनकार
Published:
2 min read

कपिल देव ने 1983 में भारत को पहली बार वर्ल्ड कप जिताया था। (@therealkapildev)
स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच को समर्थन किया है। कपिल ने कहा- टीम इंडिया बेहतरीन क्रिकेट खेल रही है। UAE के खिलाफ पहले मैच 9 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत रही। उम्मीद है कि टीम खिताब जीतकर ही लौटेगी। क्रिकेट को राजनीति से दूर रखें, इसको बड़ा मुद्दा न बनाएं।
एशिया कप 2025 का शेड्यूल आने के बाद से ही भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर काफी चर्चा रही है। पहलगाम हमले में मारे गए 26 लोगों और ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई लोग दोनों देशों के बीच होने वाले मैच को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
जीत पर फोकस करें, बाकी सरकार संभालेगी
रविवार 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच मैच होने वाला है। इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव ने कहा- खिलाड़ियों का काम सिर्फ खेलना है। खिलाड़ियों से कुछ बोलने की जरूरत नहीं है, वे खेलने के लिए गए हैं। उसी पर ध्यान दें और जीतकर वापस आएं। जो बोलना या करना है, भारत सरकार अपने लेवल पर इसे देख लेगी।
भारत-पाक मैच रोकने की याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक पिटीशन फाइल की। 11 सितंबर (गुरुवार) को जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई की बेंच ने इस पर सुनवाई की। बाद में याचिका खारिज कर दी। बेंच ने कहा- रविवार को मैच है। अब क्या किया जा सकता है? इसे होने दीजिए।
2012-13 के बाद नहीं हुई कोई द्विपक्षीय सीरीज
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ किया कि वे सरकार की बनाई पॉलिसी को मानते हैं। पॉलिसी के हिसाब से अब भारत और पाकिस्तान के बीच कोई भी द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं होगा। यानी वे एक-दूसरे के देश में जाकर कोई भी मैच नहीं खेलेंगे। दोनों टीमों के बीच केवल एशिया कप, वर्ल्ड कप और ICC के टूर्नामेंट में ही साथ खेलेंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज 2012-13 में हुई थी।

