रवि शास्त्री ने हैंडशेक मामले में PAK कप्तान को किया रोस्ट: पूछा- ड्रेसिंग रूम में माहौल कैसा है; फिफ्टी के बाद फरहान ने किया विवादित गन फायर सेलिब्रेशन
Published:
3 min read

साहिबजादा फरहान का गन फायर सेलिब्रेशन बना सोशल मीडिया पर बवाल। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में दूसरा सुपर-4 का मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। इस मैच में भी भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। इसके बाद प्रेजेंटर रवि शास्त्री ने सलमान से ड्रेसिंग रूम का हाल पूछा। मैच के दौरान साहिबजादा फरहान ने फिफ्टी पूरी करने के बाद गन फायर सेलिब्रेशन दिया, जिसने सभी फैंस को चौंका दिया।
ड्रेसिंग रूम का माहौल कैसा है
टॉस के बाद रवि शास्त्री ने सलमान अली आगा से पूछा - ड्रेसिंग रूम का हाल कैसा है। इस सवाल का छोटा सा जवाब देकर बात मुद्दे से हट गए। सलमान ने कहा - मूड नॉर्मल है, पिच धीमी लग रही है। मैं बैट और बॉल से अच्छी शुरुआत करना चाहता हूं। यह एक नया मैच है और नई चुनौती है।
फिफ्टी के बाद फरहान का विवादित सेलिब्रेशन
साहिबजादा फरहान ने इस मैच में फिफ्टी जड़ दी। हालांकि, उन्हें पहले ही ओवर में जीवनदान मिल गया था। पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर 0 के स्कोर पर फरहान का कैच छूट गया। इसके बाद उन्होंने 45 बॉल में 58 रनों की पारी खेली। फिफ्टी लगाने के बाद उन्होंने जो सेलिब्रेशन किया, उस पर काफी चर्चा हुई। उन्होंने गनफायर का सिंबोलिक सेलिब्रेशन किया।
दरअसल, इस मैच से पहले काफी विवाद हो गया। भारत-पाक के बीच पिछले रविवार को खेले गए मैच में भारतीय टीम ने जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम से न हैंडशेक किया और न ही किसी तरीके की बातचीत की। यहां तक कि जीतने के बाद भारत ने ड्रेसिंग रूम का दरवाजा भी बंद कर लिया। पाकिस्तान ने इसे लेकर ICC में शिकायत भी की थी। इसी वजह से कल वाला मैच पहले से ज्यादा हाईवोल्टेज हो गया था।
भारत-पाक मैच की ब्रीफ समरी
पाकिस्तानी टीम 5 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। ओपनर साहिबजादा फरहान ने 45 बॉल पर 58 रन बनाए। सईम अयूब ने 21, मोहम्मद नवाज ने 21, कप्तान सलमान ने 17 और फहीम अशरफ ने 20 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए शिवम दुबे ने 2 विकेट लिए। उनके अलावा हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट लिया।
172 रन के टारगेट के जवाब में टीम इंडिया ने 18.5 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 174 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। मैच में ओपनर अभिषेक शर्मा ने 39 बॉल पर 74 रनों की पारी खेली। शुभमन गिल ने 28 बॉल पर 47 रन बनाए। तिलक वर्मा 19 बॉल पर 30 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पाकिस्तान का कोई भी गेंदबाज हावी नहीं हो सका। फिर भी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। अबरार अहमद और फहीम अशरफ को 1-1 सफलता मिली।

